मोदी की सभा में भीड़ जुटाने की कवायद
रायपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की चुनावी सभा 6 तारीख को बालोद के नजदीक गांव हटौद में हो रही है। यहां सभा को सफल बनाने के लिए भाजपा ने पूरी ताकत झोंक दी है। खुद महामंत्री (संगठन) पवन साय बालोद में डेरा डाले हैं और वे लगातार पार्टी पदाधिकारियों की बैठक ले रहे हैं। पार्टी नेताओं ने यहां करीब 75 हजार लोगों के जुटने का अनुमान लगाया है।
बालोद के नजदीक का यह गांव हटौद वैसे तो कांकेर लोकसभा का हिस्सा है, लेकिन धमतरी जिले से सटा है। यहां सभा करने के पीछे महासमुंद और कांकेर लोकसभा में माहौल बनाने की है। कांकेर लोकसभा क्षेत्र की सीटों में भाजपा को बड़ी हार का सामना करना पड़ा। लोकसभा चुनाव में पार्टी यहां प्रधानमंत्री की सभा कर अपने पक्ष में माहौल बनाने की रणनीति तैयार की है। कांकेर से मोहन मण्डावी और महासमुंद सीट से चुन्नीलाल साहू प्रत्याशी हैं। दोनों ही भाजपा प्रत्याशी पहली बार लोकसभा का चुनाव लड़ रहे हैं।
बताया गया कि प्रधानमंत्री की सभा को सफल बनाने के लिए पार्टी के रणनीतिकार जुटे हैं। महामंत्री (संगठन) पवन साय ने इस सिलसिले में कांकेर, बालोद और धमतरी के जिलाध्यक्षों के साथ बैठक की और सभी की तैयारियों पर लंबी चर्चा हुई। सभा में करीब 75 हजार से अधिक लोगों के जुटने का अनुमान लगाया गया है और सभी नेताओं को भीड़ लाने के लिए जिम्मेदारी दी गई है। बालोद, गुण्डरदेही और धमतरी से सर्वाधिक लोगों के आने की उम्मीद जताई गई है।
00 संगठन मंत्री ने की पदाधिकारियों से चर्चा
