बदले की नहीं बदलाव की कर रहे हैं राजनीति – भूपेश
जांजगीर। लोकसभा चुनाव में जांजगीर सीट से कांग्रेस प्रत्याशी रवि भारद्वाज ने सोमवार को अपना नामांकन दाखिल किया। इस मौके पर सीएम भूपेश बघेल ने एक जनसभा भी ली। अपने संबोधन में उन्होंने बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। भूपेश ने कहा कि छत्तीसगढ़ में पहली बार किसानों की सरकार बनी है, पहले 15 साल अफसर सरकार चला रहे थे।
उन्होंने कहा कि डॉ रमन तीन महीने में छग को दीवालिया बनाने की बात बोल रहे हैं, 15 साल से छत्तीसगढ़ में पहले क्या खेल हुआ है, राज्य की जनता जानती है। बीजेपी की सरकार ने 15 साल में 50 हजार करोड़ का कर्ज छोड़ा था। कांग्रेस की सरकार आई तो छत्तीसगढ़ पहले से कर्ज में डूबा था। कांग्रेस की सरकार ने पहल की और आज किसानों के घर खुशहाली आई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने 10 हजार करोड़ का कर्ज लिया है लेकिन भ्रष्टाचार के लिए नहीं, छत्तीसगढ़ के किसानों और जनता की सेवा के लिए कर्ज लिया है। उन्होंने डॉ. रमन की दामाद की फरारी पर किया कटाक्ष करते हुए कहा कि 60 करोड़ का कर्ज लेकर डीकेएस को गिरवी रख दिया। नान में तो 36 हजार घोटाला हुआ है, इसकी परत भी खुल रही है। चुनाव के खत्म होते ही गरीबों को 35 किलो चावल मिलेगा।
बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में बदले की नहीं, बदलाव की राजनीति हो रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि राफेल में भ्रष्टाचार किया, चौकीदार बने रहे, भ्रष्टाचार होता रहा। नोटबंदी से देश को नुकसान हुआ। विदेश में काला धन पर कुछ नहीं हुआ। जीएसटी से व्यापारी की कमर टूटी। देश को बर्बाद करने पीएम ने कई नीति बनाई।
इस दौरान सभा में डॉ. चरणदास महंत, मंत्री प्रेमसाय सिंह, जयसिंह अग्रवाल, विधायक रामकुमार यादव, कौशिल्या साहू, चन्द्रदेव राय मौजूद रहे।
00 जांजगीर में रवि ने भरा नामांकन