प्रदेश में कांग्रेस की पांच टिकट घोषित,6 पर मंथन
रायपुर। कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ के 5 लोकसभा के प्रत्यशियों के नामों का ऐलान कर दिया है। कांग्रेस ने प्रत्याशियों की चौथी लिस्ट जारी की है। जारी लिस्ट में कुल 27 प्रत्यशियों के नामों ऐलान किया गया है। छत्तीसगढ़ के जिन 5 सीटों पर उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया गया है। उसमें सरगुजा से खेलसाय सिंह, रायगढ़ से लालजीत सिंह राठिया, जांजगीर चांपा से रवि भारद्वाज, बस्तर से दीपक बैज, और कांकेर से बीरेश ठाकुर के नाम शामिल है। वहीं बाकी 6 सीटों पर अभी भी मंथन जारी है।
दिल्ली मेें शनिवार शाम को कांग्रेस और भाजपा दोनों राजनीतिक दलों की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक हुई। कांग्रेस में बैठक की अध्यक्षता पार्टी के राष्ट्रीय प्रभारी महासचिव केसी वेणुगोपाल ने की।
बैठक में छत्तीसगढ़ प्रभारी पीएल पुनिया, पीसीसी अध्यक्ष भूपेश बघेल, प्रदेश प्रभारी सचिव डॉ. चंदन यादव व अरुण उरांव उपस्थित थे। पुनिया और बघेल का कहना है कि सभी 11 सीटों के लिए सिंगल नाम तय कर लिए गए हैं, लेकिन जब एक-एक नामों की सूची केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक के बाद वेणुगोपाल ने राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के सामने रखी, तो उन्होंने पांच नामों पर ही मुहर लगाई। छह सीटों के प्रत्याशियों के नाम रोक लिए। सरगुजा लोकसभा के प्रत्याशी मंत्री टीएस सिंहदेव की पसंद पर फाइनल किए गए। इसका कारण यह है कि सरगुजा की जिम्मेदारी सिंहदेव को ही दी गई है। रायगढ़ में मंत्री उमेश पटेल की पसंद का ध्यान रखा गया। बस्तर के प्रत्याशी चयन में पीसीसी अध्यक्ष बघेल की चली। वहीं, जांजगीर लोकसभा सीट के लिए सभी की राय लेने के बाद निर्णय लिया गया। कांकेर के ठाकुर को प्रत्याशी बनाने का कारण यह है कि वे वनाधिकार पट्टा और आदिवासियों के हक की लड़ाई लड़ते रहे हैं।