बिलासपुर सिम्स में आगजनी से किसी बच्चे की नहीं हुई मौत
रायपुर। बिलासपुर सिम्स में आगजनी से किसी बच्चे की मृत्यु दुर्घटना से नहीं हुई है। यह जानकारी स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने एक प्रश्न के लिखित उत्तर में दी। भाजपा सदस्य बृजमोहन अग्रवाल ने पूछा कि क्या सिम्स बिलासपुर में आगजनी की दुर्घटना हुई है? एक अन्य सवाल में उन्होंने पूछा कि उक्त दुर्घटना में कितने बच्चों की मृत्यु हुई है और कितने घायल हुए हैं?
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि बिलासपुर सिम्स में आगजनी नहीं हुई है। सिम्स चिकित्सालय में शॉर्ट सर्किट की दुर्घटना हुई। इस दुर्घटना की पड़ताल के लिए तीन सदस्यीय जांच बिठाई गई थी। रिपोर्ट के आधार पर दोषी चिन्हांकित नहीं है। किसी भी बच्चे की मृत्यु का कारण यह दुर्घटना नहीं है और न ही कोई इससे घायल हुआ है। सिम्स चिकित्सालय, बिलासपुर में एनआईसीयू में भर्ती बच्चों को तत्काल निजी चिकित्सालयों और जिला चिकित्सालयों में उपचार के लिए भर्ती कराया गया।