अभिनेता विजय राज गिरफ्तार, सेट पर एक्ट्रेस से छेड़खानी का है आरोप

मुंबई। फिल्म इंडस्ट्री में अपनी एक्टिंग से एक खास मुकाम बनाने वाले अभिनेता विजय राज पर छेड़छाड़ का आरोप लगा है। विजय राज को एक महिला कलाकार के साथ छेड़खानी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। उन्हें महाराष्ट्र के गोंदिया में एक होटल से गिरफ्तार किया गया है।

विजय राज इस वक्त अपनी टीम के साथ मध्य प्रदेश के बालाघाट में शूटिंग कर रहे हैं। वह यहां फिल्म शेरनी की शूटिंग के सिलसिले में पिछले कुछ दिनों से थे। फिल्म की शूटिंग के दौरान कथित रूप से विजय ने एक महिला के साथ छेड़छाड़ की। गोंदिया के अडिशनल एसपी अतुल कुलकर्णी ने बताया कि विजय राज के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। उनके खिलाफ IPC की धारा 354 के तहत केस दर्ज किया गया है।

विजय राज की गिरफ्तारी के बाद फिल्‍म की शूटिंग को रोक दिया गया। सोमवार देर रात महिला की शिकायत पर रामनगर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज हुआ। इससे पहले विजय राज 2005 में दुबई में ड्रग्‍स रखने के आरोप में भी गिरफ्तार हुए थे। वह बाद में जमानत पर रिहा हुए थे।

गौरतलब है कि विजय ने अपने करियर में कई शानदार किरदार निभाए हैं। अभिषेक बच्चन स्टारर रन में विजय का कौवा बिरयानी सीन काफी पॉप्युलर हुआ था। इसके अलावा विजय ने मुंबई टू गोवा, धमाल, वेलकम, सूरमा, गली बॉय और लूटकेस में अपनी एक्टिंग से दर्शकों का दिल जीता है।

संबंधित समाचार

Leave a Comment

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.