छत्तीसगढ़ की सरकार किसानों की सरकार – चौबे
जांजगीर-चांपा। प्रदेश के संसदीय कार्य, विधि, विधायी, कृषि एवं जैव प्रौद्योगिकी तथा जल संसाधन मंत्री श्री रविन्द्र चौबे ने कहा है कि किसानों की आर्शीवाद और सहयोग से छत्तीसगढ़ की नई सरकार बनी। यह सरकार किसानों की सरकार है। किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नही आने दी जाएगी। किसान अन्नदाता हैं उनके विकास का हर कार्य होगा। श्री चौबे आज शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-1 में आयोजित तीन दिवसीय जाज्वल्यदेव लोक महोत्सव एवं एग्रीटेक कृषि मेला के समापन समारोह को मुख्य अतिथि की आसंदी से संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर संसदीय कार्य मंत्री श्री चौबे ने जिले के किसानों के लिए किसान सदन बनाने की घोषणा की। इसके पूर्व संसदीय कार्य मंत्री श्री चौबे को महामाला पहनाकर सम्मानित किया। इसके लिए श्री चौबे ने आयोजकों को अपनी बधाई और शुभकामनाएं दी।
चौबे ने कहा कि जांजगीर-चांपा जिला और जाज्वल्यदेव की नगरी पुरा वैभव संपन्न और धन्य धान्य से परिपूर्ण है। यहां लोगों में विद्यमान भाईचारा, बंधुत्व और सामनता की भावना हमारे समाजिक समरसता को और अधिक मजबूती प्रदान करता है। ऐसे नगर में जाज्वल्यदेव लोक महोत्सव एवं एग्रीटेक कृषि मेला का आयोजन निश्चित ही जाज्वल्यदेव नगर के कल्याण की भावना को चरितार्थ कर जांजगीर-चांपा जिले के विकास को नये उंचाईयों पर ले जाएगा। उन्होने कहा कि छत्तीसगढ़ की नई सरकार किसानों की पीड़ा और परेशानी को समझते हैं। किसानों के हर समस्या का समाधान होगा। उन्होंने कहा कि राज्य की एक लाख करोड़ का बजट है। इनमें ंअधिकांश राशि का उपयोग किसानों के हित में होगा। उन्होंने कहा कि नई सरकार की एक-एक घोषणा को पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नई सरकार के गठन होने के पहले घंटे मे ही 16 लाख 65 हजार किसानो का लगभग 6 हजार 230 करोड़ रूपये का अल्पकालिक कृषि ऋण माफ किया गया है। इसी तरह धान की खरीदी 2500 रूपया प्रति क्विटंल के हिसाब से खरीदी की गई है। इससे किसानों के चेहरों में नयी मुस्कान आयी है।
संसदीय कार्यमंत्री ने कहा कि जांजगीर-चांपा जिला धन-धान्य से परिपूर्ण है। इस जिले की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर है। आने वाले समय में जांजगीर-चांपा जिले की पहचान अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर होगी। उन्होंने कहा कि किसानों के आय में दोगुना वृद्धि के लिए स्थानीय नाले, उसके पालतू पशु, सामान्य परंपरागत उपज से निकलने वाले उत्पाद और घर से लगे बाड़ी का विकास करके समेकित विकास किया जाएगा। इस हेतु राज्य शासन द्वारा नरवा, गरूवा, घुरवा और बारी को विकास की प्रमुख चिन्हारी बनाया गया है। इन्हे ध्यान में रखते हुए गावों का समन्वित विकास के लिए कार्य योजना बनाकर अमल किया जा रहा है। उन्होंने अन्य विकसित जिलों के किसानों द्वारा की जा रही उन्नत खेती-किसानी का जिक्र किया। उन्होंने जांजगीर-चांपा जिले के किसानोंं को भी अन्य विकसित जिलों का भ्रमण कराने की बात कही।
चौबे ने कहा कि जाज्वल्यदेव लोकमहोत्सव एवं एग्रीटेक कृषि मेला का आयोजन वृहद रूप में होगा। आयोजन में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। समापन समारोह को जांजगीर क्षेत्र के विधायक श्री नारायण चंदेल ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि जांजगीर-चांपा जिला कृषि प्रधान और सिंचित जिला है। यहां की अर्थव्यवस्था भी कृषि पर आाधारित है। उन्होंने कहा कि जिले में विगत 18 वर्ष से जाज्वल्यदेव लोक महोत्सव एवं एग्रीेटेक कृषि मेले के आयोजन किया जा रहा है। जहां बड़ी संख्या में लोग उपस्थित होकर भाईचारा और सद्भाव का संदेश देते हंै। इसके अलवा यहां प्रत्येक दिन लोक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होता है। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में स्थानीय कलाकार शामिल होते हैं। उन्हें अपनी कला को प्रदर्शन के लिए मंच मिलता है। जिसके माध्यम से वे अपनी कला को दूर-दूर तक पहुंचाने में सफल होते हैं। समापन समारोह को अकलतरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री सिंह ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि हसदेव नदी के जल से जांजगीर-चांपा जिला सिंचित होता है। इससे जांजगीर-चांपा जिला प्रगति की ओर अग्रसर है। उन्होंने किसानों को और अधिक समृद्धि के लिए धान के अलावा अन्य व्यवसायिक फसल लेने की बात कही। कलेक्टर श्री नीरज कुमार बनसोड़ ने स्वागत भाषण दिया। उन्होंने स्वागत भाषण में कहा कि प्रगतिशील अन्नदाता किसान जिले के समग्र एवं गुणात्मक विकास में सहभागी बने हुए हंै।
जांजगीर-चांपा जिले की गौरवशाली अतीत, समृद्ध विरासत और ऐतिहासिक पुरा वैभव राष्ट्रीय पहचान दिलाने में सार्थक साबित हुए हैं। कार्यक्रम में संसदीय कार्यमंत्री श्री चौबे ने जांजगीर जिला के विकास पर आधारित जाज्वल्या पुस्तिका का विमोचन किया और उन्होंने इस पुस्तिका को आमलोगों के लिए उपयोगी और सार्थक बताया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि संसदीय कार्य मंत्री श्री चौबे ने धान उत्पादन, मत्स्य पालन और पशुपालन के क्षेत्र. में उल्लेखनीय कार्य करने वाले कृषकों को पुरस्कृत कर उन्हें सम्मनित किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत के अध्यक्ष श्री नंदकिशोर हरबंश, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री अजीत साहू, पूर्व विधायक द्वय श्री मोतीलाल देवांगन एवं श्री चुन्नीलाल साहू, जांजगीर-नैला नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती मालती देवी रात्रे, जांजगीर-नैला नगर पालिका के उपाध्यक्ष श्री आशुतोष गोस्वामी, चांपा नगर पालिका अध्यक्ष श्री राजेश अग्रवाल, अकलतरा नगर पालिका अध्यक्ष श्री खुलन सोनवानी, जिले के पुलिस अधीक्षक श्री आर.एन. दास, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अजीत वसंत, वरिष्ठ नागरिक श्रीमती रश्मि गबेल, श्रीमती शशिकांता राठौर, श्रीमती मंजू सिंह, श्री दिनेश शर्मा, श्री महारती बघेल, उत्तम पाटले, श्री प्रवीण पाण्डेय, श्री आभाष बोस, श्री संकल्प द्विवेदी, श्री देवेश सिंह, रमेश पैगवार, विवेक सिसोदिया सहित जिला एवं पुलिस प्रशासन विभाग के अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण और नगरवासी मौजूद थे।
00 जाज्वल्यदेव लोक महोत्सव की पहचान होगी अब अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर
00 जिले के किसानों के लिए बनेगा किसान सदन