पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री टी.एस. सिंहदेव ने किया ध्वजारोहण
अम्बिकापुर। छत्तीसगढ़ शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, चिकित्सा शिक्षा, योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी, बीस सूत्रीय, वाणिज्यिक कर (जी.एस.टी.) मंत्री श्री टी.एस. सिंहदेव ने आज यहां सरगुजा के संभाग मुख्यालय अम्बिकापुर के राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के मैदान में आयोजित गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह में हर्षोल्लास के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड की सलामी ली। उन्होंने मुख्यमंत्री का राज्य की जनता के नाम गणतंत्र दिवस संदेश का वाचन किया। श्री सिंहदेव ने परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम, झांकी तथा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट सेवा प्रदान करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुरस्कृत किया।
गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री टी.एस. सिंहदेव ने सबसे पहले राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। इसके पश्चात् उन्होंने शांति के प्रतीक आकाष में कबूतर उड़ाये। श्री सिंहदेव ने परेड का निरीक्षण किया एवं हर्षोल्लास के प्रतीक गुब्बारे उड़ाये और मुख्यमंत्री द्वारा राज्य की आम जनता के नाम दिये गये संदेश का वाचन किया। गणतंत्र दिवस समारोह में सशस्त्र बल और पुलिस बल के द्वारा हर्ष फायर किया गया और राष्ट्रपति की जय-जयकार के नारे से समारोह स्थल गूंज उठा। परेड कमाण्डर डी.एस.पी. दीपिका मिंज एवं सेकेण्ड कमाण्डर सी.आर.पी.एफ. के श्री मुकेश जोशी के नेतृत्व में शानदार परेड का प्रदर्शन किया गया।
आकर्षक मार्च पास्ट
परेड खण्ड एक में प्रथम पुरस्कार सब इंस्पेक्टर अनिता आयाम के नेतृत्व में जिला महिला पुलिस बल को प्राप्त हुआ। इसी प्रकार द्वितीय पुरस्कार सब इंस्पेक्टर चितरंजन साहू के नेतृत्व में नगर सैनिक को तथा तृतीय पुरस्कार सब इंस्पेक्टर श्री संदीप कौशिक के नेतृत्व में जिला पुलिस बल पुरूष को प्राप्त हुआ। इस खण्ड में सी.आर.पी.एफ. के उप निरीक्षक श्री कमलेश सिंह के नेतृत्व में शानदार मार्च पास्ट का प्रदर्शन किया गया।
परेड खण्ड दो में श्री आनन्द सागर उपाध्याय के नेतृत्व में सीनियर डिवीजन बालक एन.सी.सी. को प्रथम, श्री युवराज सिंह के नेतृत्व में एन.सी.सी. सैनिक स्कूल को द्वितीय एवं कुमारी अंजना के नेतृत्व में सीनियर विंग एन.सी.सी. हॉलीक्रास कॉलेज को तृतीय पुरस्कार प्राप्त हुआ। इस खण्ड में सी.एम.एम., एन.सी.सी. मल्टीपरपज स्कूल तथा सीनियर विंग एन.सी.सी. पी.जी. कॉलेज के द्वारा भी शानदार परेड का प्रदर्शन किया गया।
परेड खण्ड तीन में कुमारी पूजा पैकरा के नेतृत्व में स्काउट गाईड शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय को प्रथम, कुमारी सुसन्ना तिकी के नेतृत्व में स्काउट गाईड अम्बिका मिशन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बीरनीबेडा को द्वितीय एवं श्री राहुल सिंह के नेतृत्व में स्काउट गाईड सेन्ट जेवियर्स हायर सेकेण्डरी स्कूल को तृतीय पुरस्कार प्राप्त हुआ। इसके अतिरिक्त स्काउट गाईड मल्टीपरपज हायर सेकेण्डरी स्कूल अम्बिकापुर, स्काउट गाईड, शासकीय कन्या शिक्षा परिसर अम्बिकापुर एवं जेयूओ पी.जी. कॉलेज के द्वारा भी शानदार परेड का प्रदर्शन किया गया।