रहाणे और विहारी ने भारत को सीरीज में दिलाई 2-0 की बढ़त
तिरुवनंतपुरम। कप्तान अजिंक्य रहाणे (91), हनुमा विहारी (92) और श्रेयस अय्यर (65) के अर्धशतकों के बाद गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर भारत ए ने दूसरे अनाधिकृत एकदिवसीय मैच में शुक्रवार को यहां इंग्लैंड लायन्स (ए टीम) को 138 रन से शिकस्त देकर पांच मैचों की श्रृंखला में 2-0 की बढ़त बना ली। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर में छह विकेट पर 303 रन बनाने के बाद इंग्लैंड लायन्स की पारी को 37.4 ओवर में 165 रन पर समेट दिया। हनुमा विहारी को उनकी पारी के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। भारत की शुरूआत अच्छी नहीं रही और सलामी बल्लेबाज अनमोलप्रीत सिंह (07) पारी के पांचवें ओवर में आउट हो गये।
इसके बाद रहाणे और विहारी ने दूसरे विकेट के लिए 181 रन की साझेदारी कर बड़े स्कोर की नींव रखी। इस दौरान विहारी ज्यादा आक्रामक दिखे लेकिन दोनों बल्लेबाज शतक बनाने से चूक गये। विहारी ने 83 गेंद की पारी में आठ चौके और चार छक्कों की मदद 92 रन की पारी खेली। रहाणे ने 117 गेंद की पारी में चार चौके और इतने ही छक्के लगाये। विहारी के आउट होने के बाद क्रीज पर उतरे अय्यर ने भी आक्रामक खेल जारी रखा। उन्होंने 47 गेंद की पारी में पांच चौके और दो छक्के लगाये। इंग्लैंड के लिए जैक चैपल और लुईस ग्रेगरी ने दो-दो जबकि जैमी पोर्टर और विल जैक्स ने एक-एक विकेट लिया।
बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी लायन्स की टीम शुरू से ही दबाव में आ गयी। सलामी बल्लेबाज एलेक्स डेविस (42) और ग्रेगरी (39) के अलावा कोई और बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका। मयंक मार्कंडेय सबसे सफल भारतीय गेंदबाज रहे। उन्होंने 8.4 ओवर में 32 रन देकर तीन विकेट लिये। शारदुल ठाकुर और अक्षर पटेल ने दो-दो विकेट लिये। दीपक चहर, सिद्धार्थ कौल और विहारी ने एक-एक बल्लेबाज को पवेलियन की राह दिखायी। पहले वनडे में भारत ने इंग्लैंड लायंस को 3 विकेट से हराया था। उस मैच में कप्तान अजिंक्य रहाणे ने 56 और ईशान किशन 57 रन बनाए थे। ईशान किशन को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया था। श्रृंखला का तीसरा एकदिवसीय मैच इसी मैदान पर 27 जनवरी को खेला जाएगा।
