राज्योत्सव में बाहरी कलाकारों के पीछे भारी भरकम राशि खर्च
रायपुर। विधानसभा में चल रहे सत्र के दौरान यह बात सामने आई है कि वित्तीय वर्ष 2015 से 2018 के बीच हुए राज्योत्सव महोत्सव में संस्कृति विभाग ने बाहरी कलाकारों पर करीब 3 करोड़ 47 लाख खर्च कर किए। वहीं प्रदेश के कलाकारों के लिए करीब 1 करोड़ 10 लाख ही खर्च किए। इसके अलावा वित्तीय वर्ष 2016 से अब तक विभाग ने प्रदेश में कराए गए कार्यक्रमों के लिए लगभग 46 करोड़ 76 लाख का भुगतान किया गया है। 13 फरवरी को विधानसभा में कांग्रेस विधायक अरुण वोरा ने प्रश्न किया था कि संस्कृति विभाग ने वर्ष 2015-16, 2016-17 एवं 2017-18 में प्रदेश एवं देश के अन्य स्थानों पर कहां-कहां महोत्सवों का आयोजन किया।
इन आयोजनों में कुल कितनी राशि खर्च की गई। साथ ही इन आयोजनों में भाग लेने वाले छत्तीसगढ़ के कलाकारों पर कितनी राशि एवं देश के अन्य कलाकारों पर कितनी राशि खर्च की गई। संस्कृति मंत्री ताम्रध्वज साहू की तरफ से जवाब आया-संस्कृति विभाग ने 2015-16 में राज्योत्सव महोत्सव रायपुर में, वर्ष 2016-17 में राज्योत्सव महोत्सव रायपुर तथा नवागढ़-बेमेतरा में एवं 2017-18 में राज्योत्सव महोत्सव रायपुर में आयोजित किया। इन आयोजनों में कुल 8 करोड़ 59 लाख 3 हजार 292 रुपए राशि खर्च की गई। इन आयोजनों में भाग लेने वाले छत्तीसगढ़ के कलाकारों पर 1 करोड़ 10 लाख 83 हजार 126 रुपए देश के अन्य कलाकारों पर 3 करोड़ 47 लाख 85 हजार 261 रुपए राशि खर्च की गई। वहीं कांग्रेस विधायक दलेश्वर साहू का सवाल था कि वर्ष 2016 से 18 जनवरी 2019 तक की स्थिति में प्रदेश में संस्कृति विभाग ने कितने कार्यक्रम कराए गए? भुगतान की राशि कितनी है? संस्कृति मंत्री ताम्रध्वज साहू की ओर से जवाब आया- इस अवधि में संस्कृति विभाग ने कुल 4 हजार 989 सांस्कृतिक कार्यक्रम कराए। इन कार्यक्रमों के लिए कुल 46 करोड़ 76 लाख 76 हजार 786 रुपए का भुगतान किया गया।