मुंबई। नागपुर पुलिस चंद्रयान-2 के लैंडर विक्रम को लेकर अपने एक दिलचस्प ट्वीट की वजह से इंटरनेट पर छाई हुई है। इस ट्वीट में पुलिस ने ‘विक्रम’ से जवाब देने का अनुरोध करते हुए कहा कि सिग्नल तोड़ने के लिये उसका चालान नहीं किया जाएगा। ‘विक्रम’ का शनिवार को चंद्रमा की सतह पर उतरने के दौरान उसकी सतह से 2.1 किलोमीटर दूर रहने के दौरान इसरो के मिशन कंट्रोल सेंटर से संपर्क टूट गया था।
Dear Vikram,
Please respond 🙏🏻.
We are not going to challan you for breaking the signals!#VikramLanderFound#ISROSpotsVikram @isro#NagpurPolice— Nagpur City Police (@NagpurPolice) September 9, 2019
ESRO प्रमुख के सिवन ने रविवार को कहा था कि लैंडर विक्रम के साथ संपर्क स्थापित करने के प्रयास किये जा रहे हैं। नागपुर पुलिस ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर कहा, “प्रिय विक्रम, कृपया जवाब दो। हम सिग्नल तोड़ने पर तुम्हारा चालान नहीं काटेंगे।” सोशल मीडिया पर नागपुर पुलिस के इस ट्वीट को खूब पसंद किया जा रहा है और उसके हास्यबोध की भी तारीफ हो रही है। ट्वीट को कुछ ही घंटों के अंदर ही 31 हजार से ज्यादा यूजर्स ने लाइक किया और नौ हजार से ज्यादा लोगों ने इसे रीट्वीट किया।
नागपुर पुलिस ने फिल्म शोले के एक मशहूर संवाद का इस्तेमाल करते हुए एक और ट्वीट साझा कर इसरो के ऐतिहासिक मिशन की सराहना की। इस ट्वीट में कहा गया, “दूसरों ने कितने अटेंप्ट किये…सरदार 9…और इसरो ने…सरदार एक। दूसरों ने 9 और इसरो ने 1..फिर भी इतनी सक्सेस मिल गई। बहुत गर्व की बात है ये।” महाराष्ट्र पुलिस अपने ट्विटर हैंडल पर लोगों को जागरुक करने के लिये अक्सर हलके-फुलके अंदाज में हास्यबोध लिये संदेश साझा करती है। इस बार उसने इसरो की प्रशंसा में संदेश साझा किये।