एसबीआई में देर रात जाम छलका रहे थे अधिकारी-कर्मचारी, पुलिस ने दी दबिश
जशपुर। एसबीआई बैंक में शुक्रवार देर रात जाम छलका रहे अधिकारी-कर्मचारी को पुलिस ने दबीश दिया जिससे हड़कंप मच गया। मामला तपकरा भारतीय स्टेट बैंक शाखा का है। यहां रात करीब 12 बजे बैंक खोला गया और अधिकारी-कर्मचारियों ने शराब की महफिल सजाई। तभी इसकी भनक पुलिस को लगी। सर्चिंग पर निकली पुलिस को जब देर रात बैंक में कुछ लोगों के दाखिल होने की खबर मिली तो तत्काल वहां पहुंच गई।
बैंक के अंदर बैंक मैनेजर के साथ कई अधिकारी और कर्मचारी शराब पीते नजर आए। पुलिस के पहुंचने से बैंक कर्मियों के होश उड़ गए। उस समय बैंक में केवल अफसर और कर्मचारी ही मौजूद थे। वहां कोई सुरक्षागार्ड भी नहीं था। अगर कोई अप्रिय घटना हो जाती तो किसी को कोई खबर नहीं मिल पाती क्योंकि बैंक का सायरन भी बिगड़ा हुआ है।
इस तरह बैंक में कर्मचारियों और अधिकारियों का देर रात शराब की महफिल सजाने से कई सवाल खड़े होने लगे हैं कि अगर यहां लूट या डकैती की वारदात हो जाती तो इसका जिम्मेदार कौन होता। बहरहाल पुलिस ने तो इन्हें समझाइश दी है, लेकिन देखना होगा इन पर क्या कार्रवाई की जाती है।