गांधी परिवार ने INS विराट का इस्तेमाल निजी टैक्सी के रूप में किया: PM नरेंद्र मोदी

गांधी परिवार ने INS विराट का इस्तेमाल निजी टैक्सी के रूप में किया: PM नरेंद्र मोदी

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को दिल्ली में उन्होंने नई दिल्ली की सातों लोकसभा सीटों पर भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में रामलीला मैदान में चुनावी रैली को संबोधित किया। दिल्ली में पंजाब-हरियाणा का जोश है, तो पूर्वांचल की मिठास है, नोर्थ ईस्ट का उत्साह है तो दक्षिण भारत की सौम्यता। ये मेरा सौभाग्य है कि आपने मुझे सेवा का अवसर दिया। PM नरेंद्र मोदी ने ये बातें दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित एक जनसभा में कही। दिल्ली में 12 मई को मतदान होना है।

उन्होंने कहा कि, बुलेट प्रूफ दीवारों में रहना न मेरा शौक है और न ही मेरी आदत है। जब-जब मौका मिला है मैंने इस दीवार को साइड रखने की कोशिश भी की है। अक्सर दिल्ली मेट्रो में सफर करते हुए जब लोगों से घिर जाता हूं, तो वो मेरे लिए बहुत यादगार पल होते हैं। बीते 5 वर्षों में देश में जो बड़े फैसले लिए गए हैं, उसमें आपने सदैव मेरा साथ दिया है। आज VIP वाली लाल बत्ती अगर नेताओं और अफसरों की गाड़ी से उतरी है तो, इसका कारण आप सभी हैं। आज पूरी सरकार आपके मोबाइल फोन की पहुंच में आ पाई है तो, इसका कारण आप सभी हैं।

श्री मोदी ने कहा कि, GST ने देश में टैक्स का जाल खत्म किया है, GST को इस तरह डिज़ाइन किया गया है जिससे देश को इंस्पेक्टर राज से मुक्ति मिले। जब साफ नीयत से काम होता है, ईमानदारी से अपने लक्ष्य तक पहुंचने के लिए प्रयास किया जाता है, तो नतीजे भी मिलते है। जो महंगाई देश के हर चुनाव मे सबसे बड़ा मुद्दा होती थी, वो आज कैसे नियंत्रण में है, विपक्ष के लोग चाहकर भी उस पर कुछ बोल नही पा रहे।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा हमने नई कंपनी की प्रक्रिया आसान की है। पहले नई कंपनी खोलने में 7-15 दिन लग जाते थे। अब 24 घंटे में ये काम पूरा हो जाता है। मोबाइल का बिल पहले की अपेक्षा बहुत सस्ता हुआ है। हमने मिडिल क्लास का सम्मान करते हुए 5 लाख रुपये तक की टैक्सेबल इनकम को टैक्स के दायरे से बाहर कर दिया है।

उन्होंने कहा कि, मिडिल क्लास को अपने घर के लिए अब प्रधानमंत्री आवास योजना से सहायता मिल रही है, उसकी 5-6 लाख रुपए तक की बचत हो रही है। पहले कुछ बेइमान लोगों के कारण जिस लोगों का अपने घर का सपना अधूरा रह जाता था, उन्हें रेरा कानून से राहत मिली है। प्रदूषण दिल्ली की एक बड़ी चुनौती है। इसका हल तकनीक के बेहतर इस्तेमाल और ट्रांसपोर्ट के आधुनिक तौर-तरीकों में है। राजधानी में मेट्रो का विस्तार हो, सोलर सेक्टर से जुड़ी नीतियां हों या नेक्स्ट जेनरेशन इंफ्रास्टक्चर का काम, इसका बड़ा लाभ दिल्ली के भी लोगों को मिलने वाला है।

श्री मोदी ने कहा याद करिये पहले हजारों ट्रक उत्तर प्रदेश, हरियाणा या अन्य राज्यों में जाने के लिए दिल्ली की सड़कों से होकर जाते थे। ये जाम का कारण बनते थे, अब ईस्टर्न और वेस्टर्न पेरिफेरल बनने से वो ट्रक दिल्ली में बिना आये अपने गंतव्य तक पहुंच जाते हैं। आज जब हम सभी 21वीं सदी का भारत बनाने के लिए देश को विकास की नई ऊंचाइयों पर पहुंचाने के लिए ईमानदार कोशिश कर रहे हैं। तब देश की राजधानी को गवर्नेंस के मॉडल का मुल्यांकन करना जरूरी है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि, भारत में चार अलग-अलग तरह की राजनीतिक परम्पराएं रही हैं। पहला – नामपंथी, दूसरा – वामपंथी, तीसरा – दाम और दमन पंथी, चौथा – विकास पंथी। लेकिन दिल्ली देश का इकलौता राज्य है जिसने पॉलिटिकल कल्चर का एक पांचवां मॉडल भी देखा। ये है नाकाम पंथी। यानि जो दिल्ली के विकास से जुड़े हर काम को ना कहते हैं औऱ जो काम करने की कोशिश भी करते हैं, उसमें नाकाम रहते हैं। इन नाकामपंथियों ने, भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़े आंदोलन को नाकाम किया। देश के सामान्य मानवी की छवि को, आम आदमी की छवि को बदनाम किया। करोड़ों युवाओं के विश्वास और भरोसे को चकनाचूर किया।

श्री मोदी ने कहा कि, इन्होंने देश में नई राजनीति के प्रयासों को भी नामाम किया है। ये लोग देश बदलने आए थे लेकिन खुद ही बदल गए। ये लोग नई व्यवस्था देने आए थे, लेकिन खुद ही अव्यवस्था-अराजकता का दूसरा नाम बन गए। इन लोगों ने पहले हर किसी को अनाप-शनाप कहा और फिर घुटनों के बल चलकर माफी मांग ली। इन लोगों ने अपनी व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा के लिए हर बात से यू-टर्न लेने का काम किया। देश की हर संवैधानिक संस्था, हर पद को गाली देकर इन्होंने अपने कुसंस्कार प्रकट किए। पंजाब विरोधियों और खालिस्तान समर्थकों को इन्होंने ताकत दी। यहां तक की विदेश जाकर, देश विरोधी ताकतों से भी संपर्क करने, संपर्क रखने में इन्होंने संकोच नहीं किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि, दिल्ली में केंद्र सरकार और राज्य सरकार, दोनों के अस्पताल हैं। केंद्र सरकार के अस्पतालों में आयुष्मान भारत योजना के तहत गरीबों को हर साल 5 लाख रुपए का इलाज सुनिश्चित हुआ है। लेकिन ये सुविधा राज्य सरकार के अस्पताल में गरीब को नहीं मिल रही। क्योंकि दिल्ली में नाकामपंथी राज्य सरकार के तहत आने वाले अस्पतालों में आयुष्मान भारत को लागू नहीं किया गया।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि, कांग्रेस के नामदार परिवार की चौथी पीढ़ी को आज देश देख रहा है। लेकिन ये वंशवादी प्रवृत्ति सिर्फ एक परिवार तक ही सीमित नहीं रही है। जो इस परिवार के करीबी रहे, उन्होंने भी वंशवाद का झंडा बुलंद रखा। दिल्ली में दीक्षित वंश, हरियाणा में हुड्डा वंश से लेकर भजन लाल जी और बंसी लाल जी तक, सिर्फ वंशवाद की ही सियासत चल रही है। पंजाब में बेअंत सिंह परिवार, राजस्थान में गहलोत और पायलट परिवार, मध्य प्रदेश में सिंधिया, कमलनाथ और दिग्विजय जी वंशवाद का नारा बुलंद कर रहे हैं।

श्री मोदी ने कहा कि, वंशवाद की ये विकृति कांग्रेस के साथ दूसरे महामिलावटी दलों में भी फैली हुई है। जम्मू कश्मीर में अब्दुल्ला वंश और मुफ्ती वंश चल रहा है। यूपी में मुलायम सिंह जी तो बिहार में लालू जी के परिवार के नाम पर ही पार्टियां चल रही हैं। महाराष्ट्र में पवार वंश तो कर्नाटका में देवेगौड़ा जी का वंशवाद फल फूल रहा है। तमिलनाडु में करुणानिधि जी का वंश राजनीतिक धुरी तो आंध्र प्रदेश में नायडू जी भी उसी वंशवाद का झंडा उठाए हुए हैं। जिन पार्टियों की सोच ही प्रतिभा और टैलेंट को कुचलने की हो, वो 21वीं सदी के भारत की सोच का प्रतिनिधित्व कैसे कर सकती है? इसलिए आज जब मैं इनके वंशवाद पर सवाल खड़े करता हूं, तो इन्हें दिक्कत होने लगती है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि, कांग्रेस आजकल अचानक न्याय की बात करने लगी है। कांग्रेस को बताना पड़ेगा, कि 1984 के सिख दंगों में हुए अन्याय का हिसाब कौन देगा? कांग्रेस को बताना पड़ेगा कि सिख दंगों से जुड़ा होने का जिन पर आरोप है, उनको मुख्यमंत्री बनाना कौन सा न्याय है। कांग्रेस ने देश के साथ जो अन्याय किया, हम उसे निरंतर कम करने की कोशिश कर रहे हैं। मुझे संतोष है कि तीन दशक बाद पहली बार 84 के सिख दंगों के गुनहगारों के गिरेबान तक कानून पहुंचा है। पहली बार वो सलाखों के पीछे पहुंचे हैं, फांसी के फंदे तक पहुंचे हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि, देश की रक्षा करने वालों को अपनी जागीर कौन समझता रहा है। ये भी मैं आज दिल्ली की धरती से उन लोगों की आंख में आंख मिलाकर देश और दिल्ली की जनता को बताना चाहता हूं। क्या आपने सुना है कि कोई अपने परिवार के साथ युद्धपोत से छुट्टियां मनाने जाये? आप इस सवाल से हैरान मत होइये, ये हुआ है और हमारे ही देश में हुआ है। कांग्रेस के नामदार परिवार ने आईएनएस विराट का व्यक्तिगत टैक्सी की तरह इस्तेमाल किया, उसका अपमान किया था। ये बात तब की है जब राजीव गांधी प्रधानमंत्री थे और 10 दिन की छुट्टियां मनाने निकले थे।

संबंधित समाचार

Leave a Comment

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.