रामगढ़ पहाड़ी से पत्थर गिरने पर मची भगदड़
अम्बिकापुर। रामनवमी के अवसर पर हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी रामगढ़ पहाड़ी पर हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं का आना जाना लगा हुआ था। इसी दौरान शनिवार सुबह साढ़े दस बजे करीब सिंह द्वार के पास पहाड़ी के ऊपर से अचानक एक बड़ा पत्थर गिरने से 10 वर्षीय बालक विशेष यादव ग्राम इन्दरपुर थाना दरिमा का गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे रामनगर सरपंच रोहित सिंह व अन्य लोगों द्वारा सीढियों से नीचे कंधे पर ढोकर उतारा गया। वहां से बाईक में बैठाकर लक्षमण गुफा तक लाया गया। ततपश्चात एम्बुलेंस में बैठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उदयपुर लाया गया। जहां बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक चिकित्सा के बाद जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया है। इस दौरान बालक द्वारा लगातार खून की उल्टी की जा रही थी।