नक्सल मोर्चे पर राज्य सरकार को करेंगे पूरी मदद-राजनाथ
महासमुंद। चुनाव प्रचार के लिए गुरूवार को छत्तीसगढ़ पहुंचे केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि नक्सल मोर्चे पर केन्द्र सरकार राज्य सरकार को पूरी मदद करेगी। उन्होंने मंच से जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में कांग्रेस का राज आने के बाद यहां की आबोहवा में आतंकवाद-नक्सलवाद की वजह से अशांति का माहौल है। बम-बारूद और गोलियों की आवाजें आए दिन गूंज रही हैं। पिछले 15 साल की अमन और शांति अब खत्म होती नजर आ रही है। आम लोगों में नई सरकार की नीतियों को लेकर भारी असंतोष दिख रहा है और इसका परिणाम लोकसभा चुनाव में जरूर नजर आएगा।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के साथ मेरा दिली लगाव है। 2003 में मैं प्रदेश के चुनाव का प्रभारी था। उस वक्त तक कांग्रेस की सरकार यहां काम कर रही थी। उस समय जो आतंक का माहौल यहां नजर आ रहा था, अब 15 साल बाद फिर वैसा ही माहौल दिख रहा है। पिछले 15 साल रमन सरकार ने यहां विकास के लगातार प्रयास किए। मौजूदा सरकार के काम का पता कुछ समय बाद और अच्छे से लगेगा। लोगों ने सोचा बदलाव आना चाहिए, नई सरकार बननी चाहिए। नई सरकार बनी, लेकिन अब यहां क्या हो रहा यह बताने की जरूरत नहीं। बस्तर में हुए हमले में विधायक भीमा मंडावी और जवानों की शहादत से मुझपर क्या गुजरी है मैं बता नहीं सकता। मैं उन लोगों को नहीं छोडूंगा जिन्होंने लोकतंत्र को उखाड़ने का प्रयास किया है। समाज में परिवर्तन सिर्फ लोकतांत्रिक तरीके से ही लाया जा सकता है। बंदूक से किसी भी तरह का परिवर्तन संभव नहीं है। अब राज्य में नक्सलियों की कमर टूट चुकी है और यहां जल्द ही इनका खात्मा होना चाहिए।
मैंने मौजूदा सीएम को कहा है कि केंद्र सरकार नक्सल उन्मूलन के मोर्चे पर उनके साथ खड़ी है। जो भी सहायता इसके लिए चाहिए, वह केंद्र से जरूर मिलेगी। उन्होंने आगे कहा कि भाजपा एकता की मिशाल है। हमारी पार्टी ने एकजुटता के जरिए राष्ट्रीयता की भावना लोगों में विकसित करने के लिए हमेशा काम किया है। कार्यक्रम के दौरान वर्तमान सांसद चंदुलाल साहू और भाजपा के सांसद प्रत्याशी चुन्न्ी लाल साहू मंच पर उपस्थित थे।