जिला अस्पताल का आकस्मिक निरीक्षण
गरियाबंद। कमिश्नर श्री जी.आर. चुरेन्द्र ने आज जिला चिकित्सालय गरियाबंद का भी आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने पोषण पुनर्वास केन्द्र में भर्ती बच्चों का हाल जाना और सिविल सर्जन डॉ यदु को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के हिदायत दी। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री श्याम धावड़े भी साथ मौजूद थे।
कमिश्नर ने अस्तपाल के पुरूष और महिला वार्ड में भर्ती मरीजों के स्वास्थ्य के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने ड्यूटी में तैनात चिकित्सकों के वार्डो में अनुपस्थिति पर कड़ी नाराजगी व्यक्त किया। साथ ही सिविल सर्जन डॉ. एन.के. यदु को अस्पताल प्रबंधन पर विशेष ध्यान देते हुए बेहतर चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिये। कलेक्टर श्री धावड़े ने जिला अस्पताल में ड्यूटी समय पर चिकित्सकों की अनुपस्थिति को गंभीरता से लेते हुए सिविल सर्जन डॉ. यदु को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने सर्विस ज्वाइन कर सेवा में आज तक अनुपस्थित चिकित्सकों की सेवा समाप्त करने की कार्यवाही करने कहा। कलेक्टर ने सिविल सर्जन डॉ. यदु को चिकित्सालय में पदस्थ सभी चिकित्सकों के नाम, पते और मोबाईल नम्बर व ड्यूटी समय तत्काल उपलब्ध कराने कहा है। इस अवसर पर जिला पंचायत के सीईओ श्री आर.के. खुटे, डिप्टी कलेक्टर सुश्री अंकिता सोम एवं अस्पताल के स्टॉफ उपस्थित थे।
