कविता पोस्टर प्रदर्शनी तथा विचार गोष्ठी

कविता पोस्टर प्रदर्शनी तथा विचार गोष्ठी

रायपुर। साझा सांस्कृतिक मोर्चा के तत्वावधान में विगत दिवस शहीद भगत सिंह के शहादत दिवस पर महाकौशल कला वीथिका में कविता पोस्टर प्रदर्शनी तथा विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया।

रंगकर्मी अरूण काठोटे द्वारा निर्मित कविता पोस्टर प्रदर्शनी का उद्घाटन प्रदेश के चर्चित कवि एवं लोकप्रिय गीतकार जीवन यदु ने किया। उन्होंने कहा कि बिंबों और रंगों के माध्यम से अभिव्यक्त कविताएं व्यापक रूप में आमजन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। पाठक के मन मस्तिष्क पर यह गहरे अर्थों में दस्तक देती है। भगत सिंह के संदर्भ में आनंद की व्याख्या को उन्होंने पौराणिक कथा के माध्यम से परिभाषित करते हुए वर्तमान समय में उनके विचारों को अत्यधिक प्रासंगिक बताया।

इस अवसर पर आयोजित विचार गोष्ठी में डॉ. विप्लव बंदोपाध्याय ने कहा कि भगत सिंह क्रांतिकारी होने के साथ मानवता से परिपूर्ण थे। सुखदेव के नाम जो उन्होंने पत्र लिखा था। उस पत्र का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि असेंबली में बम फेंकने की जिम्मेदारी खुद भगत सिंह ने स्वीकार की। वे आजाद भारत में नई व्यवस्था के समर्थक थे, जिसमें सभी वर्ग को इसका लाभ मिले। इस संदर्भ में उन्होंने हिंदुस्तान सोशलिस्ट रिपब्लिकन एसोसिएशन के घोषणापत्र का उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि अरूण विगत चार दशकों से ज्यादा समय से इस विधा में काम कर रहे हैं। 80 के दशक में कविता चौराहे पर शीर्षक से प्रकाशित पोस्टर प्रदेशभर में चर्चित हुए। प्रगतिशील लेखक संघ रायपुर के अध्यक्ष डॉ आलोक वर्मा ने नई विधा में निर्मित कविता पोस्टर के संदर्भ में अरूण की लगन और समर्पण का जिक्र किया। कार्यक्रम का संचालन प्रगतिशील लेखक संघ रायपुर के सचिव संजय शाम ने तथा आभार प्रदर्शन इप्टा रायपुर के सचिव अरूण काठोटे ने किया। आयोजन में बड़ी संख्या में लेखक ,कलाकार और बुद्धजीवियों सहित युवा दर्शक एवं श्रोता उपस्थित थे।

संबंधित समाचार

Leave a Comment

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.