कंडे से बने होलिका से पर्यावरण संरक्षण की अभिनव पहल
रायपुर। वृक्षों के संरक्षण व पर्यावरण संवर्धन के लिए एक पहल संस्था ने अभिनव पहल करते हुए इको फ्रेंडली होलिका दहन को बढ़ावा दे रही है। एक पहल इस बार केवल कंडे से ही बने होलिका के दहन के इंतजाम किए हैं।यह संस्था स्वयं तो ऐसा कर रही है,साथ ही दूसरे टोलियों, सामाजिक संस्थाओं को इसके लिए भी प्रेरित कर रही है।नगर निगम कमिश्नर श्री शिव अनंत तायल ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति इस सोच और प्रयासों की सराहना की है। एक पहल संस्था के राजकुमार साहू और रितेश अग्रवाल ने बताया है कि ऐसा कर जहां हम हरे भरे वृक्षों को काटने और जलाने से रोकने का संदेश दे रहे है,वही गोबर के कंडों को लकड़ीनुमा आकार व मजबूती देकर पर्यावरण के अनुकूल होलिका दहन के लिए प्रेरित कर रहे है। कंडे के उपयोग के महत्व को बताते हुए इन्होंने बताया कि एक तो कंडे सस्ते पड़ते है ,वही दहन के बाद कंडों के तुरंत ठंडे होने से सड़कें खराब नही होती। दहन के बाद बची राख भी उर्वरक और कीटनाशक के रुप में उपयोगी है और लोग अपने घर लाकर गमलों,गार्डन में इसका बहुतायत में उपयोग करते हैं। एक पहल के सहयोग से अग्रसेन चौक में कंडे से बनी होलिका बनायी गयी । इसके अलावा कई सामाजिक संस्थाएं इस बार लकड़ी की जगह कंडे का उपयोग कर रहे हैं।