कलेक्टर ने किया बोर्ड परीक्षा के सफल संचालन के लिए पुख्ता इंतजाम
जांजगीर-चांपा। कलेक्टर श्री नीरज बनसोड़ ने छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित 10 वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा के सफल संचालन के लिए पुख्ता इंतजाम किया है। कलेक्टर द्वारा किये गये पुख्ता इंतजाम के तहत परीक्षा के लिए नियुक्त नोडल अधिकारियों और प्रभारी अधिकारियों द्वारा सतत परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण किया जा रहा है।
जिसके फलस्वरूप आज 9 मार्च को विभिन्न केन्द्रों में आयोजित कक्षा 10वीं के संस्कृत विषय की परीक्षा में जिले के 29 हजार 123 विद्यार्थी शामिल हुए। इस परीक्षा के लिए 29 हजार 720 विद्यार्थियों का पंजीयन किया गया था। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालयों से प्राप्त जानकारी के अनुसार विकासखण्ड अकलतरा में दो हजार 836, बलौदा में 2 हजार 92, बम्हनीडीह में 3 हजार 584, नवागढ़ में 5 हजार 946, पामगढ़ में 3 हजार 590, सक्ती में 2 हजार 614, मालखरौदा में 2 हजार 601, जैजैपुर में 3 हजार 443 और डभरा में 2 हजार 417 विद्यार्थी आज की परीक्षा में उपस्थित थे। उन्होंने बताया कि इस परीक्षा में किसी भी परीक्षा केन्द्र में नकल का प्रकरण नहीं पाया गया।