2 लाख 35 हजार से अधिक बच्चो को पिलाई जाएगी पोलियो ड्रॉप
जांजगीर-चांपा। राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान के तहत 10 मार्च को शून्य से 5 वर्ष आयु समूह के 2 लाख 35 हजार 763 बच्चों को पोलियो ड्राप्स पिलायी जाएगी। इसके लिए 1 हजार 560 टीकाकरण केन्द्र बनाये गए हैं। कलेक्टर श्री नीरज बनसोड़ ने कहा है कि पल्स पोलियों टीकाकरण अभियान के तहत शून्य से 5 वर्ष आयु समूह के प्रत्येक बच्चोंं को पल्स पोलियो ड्राप पिलायी जाएगी। इसके लिए उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को, राजस्व, महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग, पंचायत एवं समाज कल्याण विभाग, मितानिनों, ग्राम कोटवार, निजी चिकित्सालय, समाजिक कार्यकर्ताओ, सरपंच, पंच एवं पार्षदगणों सेे सहयोग प्राप्त करने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने 10 मार्च को आयोजित पल्स पेलियो टीकाकरण अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के भी निर्देश दिये हैं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने डॉ. व्ही.के. अग्रवाल ने आज यहां बताया कि राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियों टीकाकरण अभियान के तहत 10 मार्च को शून्य से 5 वर्ष आयु समूह के 2 लाख 35 हजार 763 बच्चों को पल्स पोलियो ड्राप पिलायी जाएगी। इनमें शहरी क्षेत्र के 35 हजार 861 बच्चे और ग्रामीण क्षेत्र के 1 लाख 99 हजार 902 बच्चे शामिल हैं। उन्होंने बताया कि टीकाकरण के लिए विकासखण्ड नवागढ़ में 254, अकलतरा मे 155, बलौदा में 166, पामगढ़ में 155, बम्हनीडीह में 148, सक्ती में 182, मालखरौदा में 147, जैजैपुर में 184 और डभरा में 174 केन्द्र बनाये गये हैं। उन्होंने बताया कि अभियान के प्रथम चक्र में प्रथम दिवस टीकाकरण केन्द्र में पोलियो ड्राप पिलायी जाएगी। दूसरे तथा तीसरे दिन शेष बचे हुए बच्चों को घर-घर जाकर पोलियो ड्राप पिलायी जाएगी। राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान को सफल बनाने के लिए 36 ट्रांजिट दल और 30 मोबाइल दल का भी गठन किया गया है। इसके अलावा मॉनिटरिंग के लिए 210 पर्यवेक्षकों की भी नियुक्ति की गई है। ट्रांजिट दल, बस स्टेशन एवं रेल्वे स्टेशनों पर कार्य करेंगे। मोबाइल टीम मजदूरी करने वालों की अलग बसाहट, ईटा भ_ा, गिट्टी खदानों, नदी किनारे के अलग से बसाहट, ग्रामों के दूरस्थ स्थान, घुमन्तु जनसंख्या का बसाहट आदि स्थानों पर रहने वाले बच्चों को खोजकर पोलियो की दवा पिलायेंगे।