धान संग्रहण और आंगनबाड़ी केन्द्र भी पहुंचे अफसर
गरियाबंद। कलेक्टर श्री श्याम धावड़े ने क्षेत्र भ्रमण के दौरान धान संग्रहण केन्द्र कुण्डेलभाठा में धान संग्रहण और परिवहन व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने बेलर और कुण्डेल स्थित आंगनबाड़ी केन्द्र का भी निरीक्षण कर बेहतर व्यवस्था व समय पर बच्चों का टीकाकरण के लिए मौके पर उपस्थित जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देशित किया।
इस दौरान कलेक्टर ने आंगनबाड़ी के बच्चों से आत्मीयता पूर्वक रू-ब-रू चर्चा कर उनके व उनके माता-पिता के नाम पूछे। कलेक्टर को अपने बीच पाकर बच्चे बहुत खुश हुए और निर्भयतापूर्वक अपने नाम बताये। कलेक्टर ने फिंगेश्वर विकासखण्ड के ग्राम तरीघाट के पास सरगी नाला में 8 करोड़ रूपये लागत वाले निर्माणाधीन पुल का भी अवलोकन किया। कलेक्टर ने निर्माण कार्य में विलंब के लिए सेतु निगम के अधिकारियों और कांट्रेक्टर को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने क्षेत्रवासियों की आवागमन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पुल निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिये।