आनंद साहित्य मड़ई का आयोजन 2 मार्च को
रायपुर। रायपुर स्मार्ट सिटी द्वारा एक दिवसीय कार्यक्रम आनंद साहित्य मड़ई का आयोजन 2 मार्च 2019,शनिवार को आनंद समाज वाचनालय में किया जा रहा है।यह कार्यक्रम तीन सत्रो में आयोजित किया जाएगा। जिसमे प्रथम सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में श्री कनक तिवारी महाअधिवक्ता छत्तीसगढ़ शासन, अध्यक्ष के रूप में श्री विनोद कुमार शुक्ल, वरिष्ठ साहित्यकार, विशिष्ट अतिथि के रूप में व्योमेश शुक्ल, निदेशक रूपवानी, सदस्य केंद्रीय संगीत नाटक अकादमी उपस्थित होंगे जिसके बाद प्रश्नोत्तर सत्र भी रखा जाएगा।
द्वितीय सत्र में छत्तीसगढ़ में रंगमंच-कल आज और कल विषय पर रायपुर के वरिष्ठ रंगमंच कलाकारों द्वारा परिचर्चा किया जाएगा जिसमें श्री मिर्जा मसूद, अख्तर अली, राजकमल नायक, राकेश तिवारी, जलील रिज़वी जी शामिल होंगे, तृतीय सत्र में युवाओं के मार्गदर्शन हेतु सुनो अपने दिल की विषय पर परिचर्चा आयोजित की गई है जिसमें पद्मश्री अनूप रंजन पाण्डेय, डॉ. सुधीर शर्मा, पद्मश्री अनुज शर्मा, जया जादवानी बतौर विशेषज्ञ उपस्थित होंगे। साथ ही तेज साहू द्वारा छत्तीसगढ़ी कहानियों की प्रस्तुति दी जाएगी, इसके साथ ही सरगम म्यूजिकल ग्रुप एवं इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय, खैरागढ़ के दिव्यांग छात्रों द्वारा संगीतमय प्रस्तुति दी जाएगी।
शहर का सबसे पुराना पुस्तकालय आंनद समाज वाचनालय जिसकी स्थापना 1908 में कई गई थी। जिसमें एक दिवसीय कार्यक्रम आनंद साहित्य मड़ई का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें फि़ल्म, थियेटर, साहित्य, संगीत, कला से संबंधित संगोष्ठी आयोजित किये जा रहे हैं। जिसमें शहर के नामचीन साहित्यकार, रंगकर्मी, रचनात्मक क्षेत्र से जुड़े व्यक्तियों को आमंत्रित किया गया है। इस कार्यक्रम का एक प्रमुख उद्देश्य शहर की साहित्यिक और रचनात्मक संस्कृति को बढ़ावा देना है। साथ ही युवाओं के मार्गदर्शन हेतु एक विशेष सत्र का आयोजन किया जा रहा है जिसमें विशेषज्ञों के तौर पर समाज के बुद्धिजीवी वर्ग को आमंत्रित किया गया है।