अयोघ्या दिवाली : राम की नगरी अयोध्या में दीपोत्सव ने बनाया रिकॉर्ड, रौशन हुए 5 लाख 84 हजार दिये

अयोध्या। मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम की जन्मस्थली पर आयोजित विलक्षण और विहंगम ‘दीपोत्सव’ में 5 लाख 84 हजार दियों के रौशन होते ही एक नया रिकॉर्ड कायम हुआ है। इस दौरान श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर देखने को मिला। छोटी दिवाली पर अयोध्या पूरी तरह रौशनी से नहाई नजर आई।

पुष्पक विमान से अवधपुरी आते सिया, राम और लक्ष्मण, आतुर नयनों से आराध्य की प्रतीक्षा करते हजारों श्रद्धालु, वातावरण में वैसी ही मंगल ध्वनियां, वैसा ही उमंग और उत्साह से भरा मन। धर्मनगरी अयोध्या में त्रेतायुग का यह दृश्य शुक्रवार को एक बार फिर जीवंत हो उठा। सरयू तीरे, आस्था का ठीक वैसा ही सैलाब उमड़ा, जैसा त्रेतायुग में 14 वर्ष के वनवास को पूरा कर भगवान श्रीराम अयोध्या वापस आगमन पर उमड़ा था। ‘दिव्य दीपोत्सव’ में ‘राम-राम जय राजा राम’ की गगनभेदी जयघोष ने माहौल को राममय कर दिया। तय कार्यक्रम के अनुसार ‘अपराह्न् साढ़े तीन बजे चौधरी चरण सिंह घाट पर पुष्पक विमान की आभा लिए हेलीकॉप्टर उतरा। विमान में प्रभु राम, सीता और लक्ष्मण के स्वरूप मौजूद थे। भगवान के इन प्रतीकात्मक स्वरूपों की अगवानी को राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के साथ अनेक विशिष्ट जन उपस्थित रहे।

भगवान के प्रतीकात्मक स्वरूप विमान से उतरे तो श्रद्धालुओं ने गगनभेदी जयघोष कर अभिनन्दन किया। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधिपूर्वक राम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न, हनुमान, वशिष्ठ आदि के स्वरूपों पर पुष्प वर्षा कर प्रदेशवासियों की ओर से नमन अर्पित किया। भगवान राम और भरत मिलाप का प्रेरक कथानक भी यहां साकार हुआ। मुख्यमंत्री ने सभी का अभिनन्दन कर लोक कल्याण की प्रार्थना की। इसके बाद, रामकथा पार्क में भव्य मंच पर स्वस्ति वाचन और शांति पाठ आदि वैदिक मन्त्रोच्चार के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भगवान राम के स्वरूप का अभिषेक कर युगों पूर्व राम राज्याभिषेक की स्मृतियों को जीवंत कर दिया।

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह सहित विशिष्ट जनों ने भी सभी देव स्वरूपों का तिलक किया। इस अवसर पर राज्य सरकार की ओर से अनेक संत-महात्माओं को सम्मानित किया गया। दीपोत्सव के लिए शुक्रवार को अयोध्या पहुंचे मुख्यमंत्री ने सबसे पहले श्रीराम जन्मभूमि मन्दिर में विराजमान रामलला के दर्शन कर पंच दिवसीय महापर्व ‘दीपावली’ के अवसर पर रामलला से प्रदेशवासियों के कल्याण के लिए प्रार्थना की। रामलला के दर्शन के समय मुख्यमंत्री के साथ श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के ट्रस्टीगणों की उपस्थिति भी रही।

वर्चुअल तरीके से आप भी दीपोत्सव में हो सकते हैं शामिल

इस बार अयोध्या का दीपोत्सव डिजिटली भी मनाया जा रहा है। जिसके जरिए ‘अयोध्या दीपोत्सव’ में करोड़ों राम भक्त श्रीरामलला दरबार में वर्चुअल तरीके से दीप जला सकते हैं। उत्तर प्रदेश सरकार ने सभी की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिहाज से वेब-पोर्टल तैयार किया है। virtualdeepotsav.com नाम के इस पोर्टल से दुनिया में कहीं से भी रामभक्त अपना डिजिटल दीया जला सकते हैं।

राम मंदिर निर्माण के साथ पहली बार भव्य दिवाली

सरयू नदी तट पर 5.84 लाख दिये शाम 6 बजे रौशन हुए। अयोध्या पहुंचने के बाद सीएम योगी ने ट्वीट कर कहा, ”प्रभु श्री राम एवं माता सीता की चरणरज से पावन हुई धर्मनगरी श्री अयोध्या जी की प्रांजल धरा को मेरा सादर प्रणाम. भव्य पूजन कार्यक्रम व दीपोत्सव में सहभागी बनने के परम सौभाग्य की प्राप्ति से मन आह्लादित है. जय जय श्री राम!”

अयोध्या की दिवाली इस बार खास इसलिये है क्यों कि राम मंदिर का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। अयोध्या और उसके लोगों के लिए मुख्यमंत्री कुछ और परियोजनाओं की घोषणा कर सकते हैं। सरयू की सफाई के लिए आधुनिक सीवेज शोधन संयंत्र की लंबे समय से मांग चल रही है। सरकार ने इससे पहले ही अयोध्या में 3.47 करोड़ रूपये की लागत से रामलीला सेंटर, 19.02 करोड़ रूपये की लागत से भजन स्थल, 21.92 करोड़ रूपये की लागत से रानी मेमोरियल पार्क, 7.59 करोड़ रूपये की लागत से रामकथा वीथिका बनाने का प्रस्ताव है।

https://www.youtube.com/watch?v=CPb23EY6cmI

संबंधित समाचार

Leave a Comment

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.