नहीं मान रहा पाकिस्तान सर्जिकल स्ट्राइक के बावजूद : अमित शाह
होसपेट (कर्नाटक)। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने जम्मू कश्मीर में एक आतंकवादी हमले में सीआरपीएफ के 39 जवानों के शहीद होने पर बृहस्पतिवार को शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भारत के सर्जिकल स्ट्राइक और अपना तरीका सुधारने के लिए कहे जाने के बावजूद पाकिस्तान अपनी गतिविधियां लगातार जारी रखे हुये है।
यहां बुद्धिजीवियों की एक बैठक को संबोधित करते हुये उन्होंने कहा, ‘‘जम्मू कश्मीर में एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई। पाकिस्तान के आतंकवादियों ने हमारे सुरक्षा बलों पर हमला किया।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमने सर्जिकल स्ट्राइक के जरिए पाकिस्तान को अपना तरीका बदलने की याद दिलाई थी लेकिन वह अपनी गतिविधियां लगातार जारी रखे हुये है।’’
जम्मू कश्मीर के पुलवामा जिले में बृहस्पतिवार को जैश-ए-मोहम्मद के एक आतंकवादी ने विस्फोटकों से लदे वाहन से सीआरपीएफ जवानों की बस को टक्कर मार दी, जिसमें कम से कम 39 जवान शहीद हो गये।