एनीकट निर्माण में अनियमितता,जाँच की घोषणा
रायपुर। केशकाल में एनीकट निर्माण में अनियमितता का मामला गुरूवार को विधानसभा में उठा। जल संसाधन मंत्री रविन्द्र चौबे ने कहा कि जहां जरूरत नहीं थी वहां एनीकट का निर्माण हो गया। बहुत सारे एनीकट गुणवत्ताहीन बनाए गए हैं। कांग्रेस सदस्य संतराम नेताम के जोर देने पर उन्होंने केशकाल में एनीकट निर्माण में गड़बड़ी की जांच की घोषणा की। दूसरी तरफ, भाजपा सदस्य नारायण चंदेल ने एक अन्य प्रश्न में काडा नालियों के निर्माण में बड़े घोटाले का आरोप लगाया। उन्होंने कहा जांजगीर-चांपा के डभरा सबडिवीजन में कागजों में नालियों का निर्माण हुआ है। श्री चौबे ने इस पूरे मामले पर भी जांच का भरोसा दिलाया।
प्रश्नकाल में कांग्रेस सदस्य संतराम नेताम ने मामला उठाया। जल संसाधन मंत्री ने कहा कि केशकाल विधानसभा क्षेत्र में पिछले चार साल में 6 एनीकट और चार स्टॉप डेम का निर्माण किया गया है। श्री चौबे ने कहा कि उक्त एनीकट और स्टॉप डेम में से कोई भी एनीकट और स्टॉप डेम पूरी तरह नहीं टूटा है। अपितु तीन एनीकट आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं, जिसमें पानी का ठहराव नहीं हो पा रहा है। उन्होंने यह भी माना कि किसानों को फायदा नहीं हो रहा है। कांग्रेस सदस्य के जोर देने पर कहा कि जल संसाधन मंत्री ने कहा कि पहले एनीकट कैसे बनते थे? कैसे ठेके दिए जाते थे? यह सब जांच का विषय है। उन्होंने माना कि जहां जरूरत नहीं थी वहां एनीकट का निर्माण कर दिया गया। उन्होंने कहा कि एनीकट के निर्माण में गड़बड़ी की शिकायतों की जांच कराई जाएगी।
पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष नारायण चंदेल के एक अन्य सवाल के जवाब में श्री चौबे ने कहा कि जांजगीर-चांपा जिले के डभरा सबडिवीजन अंतर्गत काडा नाली निर्माण कार्य में करीब 2 करोड़ 99 लाख खर्च किया जा रहा है। काडा नाली निर्माण एक अप्रैल 2018 है जिसे 31 मार्च 2019 तक पूरा किया जाना प्रस्तावित है। निर्माण कार्य एजेंसी जल उपभोक्ता संस्था है। श्री चंदेल ने कहा कि कई जगहों पर कागजों पर ही काडा नाली निर्माण किए गए हैं। इस पर जल संसाधन मंत्री ने जांच कराने की घोषणा की।