जाने-माने वकील हरीश साल्वे 65 साल की उम्र में रचाएंगे दूसरी शादी, जानिए कौन है होने वाली दुल्हन

नई दिल्ली। भारत के पूर्व सॉलिसिटर जनरल व सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ वकील हरीश साल्वे जल्द दूसरी शादी करने जा रहे हैं। 65 साल के हरीश साल्वे ने पिछले महीने ही पहली पत्नी को तलाक दिया था। वह लंदन की एक आर्टिस्ट कैरोलिन से अगले हफ्ते विवाह करेंगे। दोनों कई बार एक साथ चर्च में देखे जा चुके हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हरीश साल्वे कैरोलिन ब्रॉसर्ड के साथ 28 अक्टूबर को लंदन के एक चर्च में शादी करेंगे। दोनों की यह दूसरी शादी है। हरीश साल्वे की पहली पत्नी मीनाक्षी साल्वे थीं। दोनों की शादी हुए करीब 38 साल हो गए और उनके दो बच्चे भी हैं।

कैरोलिन पेशे से कलाकार हैं। 56 साल की कैरोलिन एक लड़की की मां हैं। कैरोलिन की हरीश साल्वे से एक आर्ट एग्जिबिशन में मुलाकात हुई थी। दोनों की मुलाकात धीरे-धीरे बढ़ती गई और फिर दोस्ती से बात शादी तक पहुंच गई। साल्वे ने पहले ही ईसाई धर्म अपना लिया है और अब वह एक चर्च में शादी करेंगे।

हरीश साल्वे एक जाने-माने वकील हैं। कई बड़े मामलों में वह सुप्रीम कोर्ट में पक्ष रखते नजर आ चुके हैं। भारत सरकार ने उन्हें सॉलिसिटर जनरल नियुक्त किया था। वह कुलभूषण जाधव सहित कई अंतर्राष्ट्रीय मामलों में भारत सरकार की पैरवी कर चुके हैं। साल्वे ने पाकिस्तान की जेल में बंद कुलभूषण जाधव का इंटरनेशनल कोर्ट ऑफ जस्टिस में पक्ष रखने के लिए सिर्फ एक रुपये फीस ली थी।

हरीश साल्वे ने महाराष्ट्र के नागपुर से पढ़ाई की है। चीफ जस्टिस अरविंद बोबडे और हरीश साल्वे ने एक ही स्कूल से पढ़ाई की है। दोनों महाराष्ट्र के नागपुर शहर में पढ़ाई करते थे। साल्वे के पिता एनकेपी साल्वे चार्टर्ड अकाउंटेंट थे और कांग्रेस के सदस्य भी रह चुके हैं।

संबंधित समाचार

Leave a Comment

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.