कबीर महोत्सव में शामिल हुए संसदीय कार्यमंत्री रविन्द्र चौबे
दुर्ग। संसदीय कार्य, विधि-विधायी मंत्री रविन्द्र चौबे ने दुर्ग जिले के धमधा में आयोजित कबीर महोत्सव में शामिल हुए। उन्होंने कबीर महोत्सव में शामिल होकर आम नागरिकों की भांति जमीन पर बैठकर कबीर की अमृतवाणी व प्रवचन को मन लगाकर सुना। मंत्री श्री चौबे ने संक्षिप्त उद्बोधन देते हुए कहा कि कबीर की वाणी आज भी प्रासंगिक है। उन्होंने जो बाते आज से चार सौ साल पहले कही थी, वह आज भी सत्य प्रतीत होती है। कबीर कालजयी है, जो सदैव दुनिया को संदेश देते रहेंगे। उनके वचन व संदेश से हमें बहुत कुछ सीखने को मिलता है। उनकी वाणी में वह ताकत है, जो समूचे विश्व को एक सूत्र में बांधने का काम करती है। उन्होंने कबीर धर्मगुरूओं, मठाधीशों से आशीर्वाद लिया। कबीर महोत्सव में विभिन्न जिलों के कबीर अनुयायियों ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया।