वॉशिंगटन। अमेरिकी सांसद जोश गॉटहाइमर ने भारतीय पायलट स्मित मच्छार के सम्मान में अमेरिकी प्रतिनिधि सभा में प्रस्ताव पेश किया है। इसमें फ्लाईदुबई की उड़ान 1073 में सवार सभी यात्रियों की जान बचाने के लिए मच्छार के साहस की सराहना की गई है। न्यू जर्सी से डेमोक्रेट सांसद गॉटहाइमर ने पेश किए प्रस्ताव में विमान में मौजूद ड्यूटी से बाहर के पायलटों, केबिन क्रू और यात्रियों के साहसिक कदमों की भी तारीफ की। प्रस्ताव में फ्लाईदुबई उड़ान पर हुए हमले को आतंकवादी घटना और अंतरराष्ट्रीय नागरिक उड्डयन की सुरक्षा पर हमला बताया गया है।
भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी को अब अमेरिका में भी औपचारिक सम्मान मिला है। अमेरिकी प्रतिनिधि सभा में उनके सम्मान में एक प्रस्ताव पेश किया गया है, जिसमें फ्लाईदुबई की उड़ान 1073 के दौरान संकट की स्थि
ति में यात्रियों की सुरक्षा के लिए उनके साहस और सूझबूझ की सराहना की गई है। प्रस्ताव में विमान के चालक दल और यात्रियों के साहस को भी सम्मान दिया गया है।
यह प्रस्ताव 5 अक्टूबर 2026 को न्यू जर्सी के सांसद जोश गॉटहाइमर ने पेश किया। उनके साथ रिपब्लिकन सांसद माइकल मैककॉल और डॉन बेकन सह-प्रस्तावक हैं। प्रस्ताव को अमेरिकी प्रतिनिधि सभा की विदेश मामलों की समिति के पास भेजा गया है।
मामला 30 सितंबर का है, जब दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान FZ1073 के कॉकपिट में गंभीर घटना हुई। रिपोर्टों के अनुसार सह-पायलट ने स्मित मच्छार पर हमला किया और विमान पर नियंत्रण हासिल करने की कोशिश की। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद मच्छार ने हिम्मत नहीं छोड़ी और ऐसी स्थिति पैदा की जिससे चालक दल तथा यात्रियों को हमलावर पर काबू पाने में मदद मिली। बाद में विमान को सऊदी अरब के ताबुक में सुरक्षित उतारा गया। विमान में 174 लोग सवार थे।
अमेरिकी प्रस्ताव में कैप्टन मच्छार के साथ उन ऑफ-ड्यूटी पायलटों, केबिन क्रू और यात्रियों की भी प्रशंसा की गई है, जिन्होंने संकट के समय विमान को सुरक्षित रखने में योगदान दिया। प्रस्ताव में घायल लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना और घटना की विस्तृत जांच की मांग भी की गई है।
स्मित मच्छार की बहादुरी को इससे पहले भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिल चुकी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी उनकी हिम्मत की सार्वजनिक रूप से प्रशंसा की है।
Leave a Reply