रायपुर से मुंबई के लिए एक भी फ्लाइट नहीं
रायपुर। हवाई जहाज से यात्रा करने वालों के लिए बुरी खबर है। अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट मुंबई में रन-वे पर कामकाज की वजह से 7 फरवरी से 30 मार्च के बीच 23 दिन के लिए उड़ानें बाधित हो रही हंै। सुबह 11 से शाम 5 बजे तक उड़ानें बंद रहेगी, जिसमें माना एयरपोर्ट से मुंबई के लिए इंडिगो की 2 फ्लाइट प्रभावित हो रही है।
जेट एयरवेज 10 फरवरी से मुंबई की उड़ानें रद्द करने का एलान पहले ही कर चुका है। ऐसे में रायपुर से मुंबई के लिए एक भी सीधी उड़ान का विकल्प यात्रियों को नहीं मिल पाएगा। इस मामले में बीते दिनों माना एयरपोर्ट और इंडिगो प्रबंधन के बीच बैठक हुई, जिसमें कोई नतीजा नहीं निकल सका। एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक माना एयरपोर्ट प्रबंधन ने इंडिगो से अपील की है कि वे रायपुुर-मुंबई उड़ान रद्द करने के बजाय इसे रि-शेड्यूल कर दें, ताकि यात्रियों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
प्रबंधन ने यह सुझाव दिया कि सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक फ्लाइट की आवाजाही मुंबई एयरपोर्ट पर नहीं रहेगी, लिहाजा मुंबई एयरपोर्ट पर सुबह 11 बजे के पहले और शाम 5 बजे के बाद मुंबई में लैंडिंग होने से विमानों की आवाजाही प्रभावित नहीं रहेगी। माना एयरपोर्ट प्रबंधन के अधिकारियों ने कहा कि रायपुर से 3.30 से 4 बजे के बीच टेकऑफ होने की स्थिति में मुंबई एयरपोर्ट पर शाम 5 बजे के बाद लैंडिंग हो सकती है। हालांकि इस सुझाव पर इंडिगो ने अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।