विधानसभा अध्यक्ष ने जिला मुख्यालय जांजगीर में फहराया राष्ट्रीय ध्वज
जांजगीर-चांपा। भारत के गणतंत्र की 70वें गणतंत्र दिवस को जांजगीर चांपा जिले में भी गरिमा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह में छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. चरण महंत ने मुख्य अतिथि की आसंदी से जिला मुख्यालय जांजगीर के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक 01 के मैदान में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. महंत ने प्रदेश सहित जांजगीर चांपा जिले के नागरिको को गणतंत्र दिवस की बधाई और शुभकामनाएं दी।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. महंत ने सबेरे 9 बजे समारोह स्थल पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजा रोहण के पश्चात मुख्य अतिथि द्वारा गणतंत्र दिवस परेड का निरीक्षण किया। इस अवसर पर कलेक्टर श्री नीरज कुमार बनसोड़ और जिले के पुलिस अधीक्षक आर.एन. दास भी मौजूद थे। मुख्य अतिथि डॉ. महंत ने अपने संबोधन में कहा कि आज विश्व की अनेक संस्कृतियां और सभ्यताएं जहां इतिहास की विषय वस्तु है, भारती संस्कृति अपनी विशिष्टता, जीवन्तता, मानवीय मूल्यों,संस्कारों तथा मानव कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के लिए प्रतिबद्ध होकर विश्व के समक्ष विश्व बंधुत्व और समानता की सिद्धांत का प्रतिपादन करते हुए गौरवपूर्ण संपूर्ण विश्व का मार्गदर्शन कर रही है। गणतंत्र के 70 वर्षो की हमारी यात्रा हमारे स्वस्थ्य, उन्नत एवं विकसित प्रजातंत्र का अनुपम उदाहरण है। डॉ महंत ने कहा कि हमारा संविधान हमारी राष्ट्रीय अस्मिता का प्रतीक है सांप्रदायिक सद्भाव का अनुपम उदाहरण है वस्तुत: हमारा संविधान युग कवि सत कबीरदास जी की उस विचारधारा से अनुप्राणित है जिसमें उन्होंने कहा है कि ” एकै पवन, एक ही पानी एक ज्योति संसारा, एक ही खाक घड़े सब भांड़े, एक ही सिरजनहारा”।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. महंत ने कहा कि राज्य की नव-निर्वाचित सरकार प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं उनके मंत्रीमंडल को बधाई देते हुए कहा कि आपने कृषि आधारित छत्तीसगढ़ राज्य जिसकी संपूर्ण अर्थव्यवस्था कृषि पर ही आधारित है आपने यहां कि कृषक भाईयो के लिए जिस संवेदना के साथ कृषि ऋण माफी का निर्णय लिया है। साथ ही बहुत छोटी सी अवधि में उद्योग हेतु शासन द्वारा आदिवासियों की अधिग्रहित जमीन वापसी का निर्णय एवं राज्य में छोटे भूखंडों की रजिस्ट्री पर लगे प्रतिबंध को समाप्त करने का निर्णय और ऐसे अन्य लोक कल्याण के लिए लिये गये महत्वपूर्ण निर्णयों की प्रशंसा की। उन्होने भारत के पूर्व प्रधानमंत्री देश के कम्प्यूटर क्रांति के जनक स्वर्गीय राजीव गांधी के उस कथन का उल्लेख करते हुए कहा कि हमारी सबसे बड़ी पूंजी वह व्यवस्था है, जिसे हमारे पूर्वजों ने हमें प्रदान किया है। वह व्यवस्था सुव्यवस्थित है और हमारी प्राचीन मान्यताओं एवं संस्कृति के बल पर हजारों वर्ष से फलती-फूलती रही है। इसी को अपने स्वाधीनता संग्राम में आदर्श के रूप में अपनाया और यही नये भारत के निर्माण का आधार हो सकती है। डॉ. महंत ने देश के प्रथम प्रधानमंत्री पं. जवाहरलाल नेहरू ने राष्ट्रीय एकता के संदर्भ में कही गयी बातों का उल्लेख करते हुए कहा कि हममें अभिमान संकीर्णता, प्रांतियता, सांप्रदायिकता और जातिवाद नही होना चाहिए, क्यों कि हमें एक महान लक्ष्य पूरा करना है। पंडित नेहरू के उपरोक्त विचार आज भी प्रासंगिक है। उन्होंने भूतपूर्व प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी के कथन का भी उल्लेख किया। इसी तरह उन्होंने राष्ट्रपति महात्मागांधी के विचार के उल्लेख करते हुए कहा कि थोड़ा सा व्यवहार में लाना ढेरो उपदेश देने से कहीं अच्छा है। तत्पश्चात कलेक्टर श्री नीरज कुमार बनसोड़ ने मुख्यमंत्री के नाम संदेश का वाचन किया।
अगले क्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. महंत ने मंच से शांति के प्रतीक श्वेत कपोत और तिरंगे के प्रतीक रंग-बिरंगी गुब्बारे आकाश में छोड़े। इसके बाद परेड में शामिल सी.ए.एफ. 11 बटालियन भारत रक्षित, जिला पुलिस बल, जिला पुलिस महिला बल, जिला नगर सेना की सशस्त्र टुकडि़यो द्वारा हर्ष फायर कर राष्ट्रीय तिरंगे को सलामी दी गई। कार्यक्रम के अगले कड़ी में परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक मंजूलता केरकेट्टा, परेड टू आई.सी. उप निरीक्षक श्री राजकुमार लहरे के नेत्ृत्व में जिला पुलिस बल, महिला पुलिस बल और नगर सेना की सशस्त्र टुकडि़यो सहित विभिन्न विद्यालयो के एन.सी.सी., स्काउट और गाईड के 10 प्लाटूनो ने देशभक्ति धुनो पर कदम से कदम मिलाते हुए आकर्षक मार्च पास्ट का प्रदर्शन किया और राष्ट्रीय तिरंगे व मुख्य अतिथि को पूरे जोश एवं उल्लास के साथ सलामी दी। तत्पश्चात मुूख्य अतिथि ने शहीद परिवारों के परिजनों को साल और श्रीफल भेंट कर सम्मनित किया। कार्यक्रम के अगले चरण में स्वस्थ्य शरीर में स्वस्थ्य मन का संदेश देते नगर के विभिन्न विद्यालयों के 600 स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा एकलय में सामूहिक व्यायाम का प्रदर्शन किया गया। समारोह के तीसरे चरण में स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा देशप्रेम, भाईचारा और एकता में अनेकता के मोती पिरोय देशभक्ति और लोकगीतों के रंग में रंगे सांस्कृतिक कार्यक्रमो की मनोहारी प्रस्तुतियॉं दी गई। इनमे शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जांजगीर, कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय अकलतरा, कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय पहरिया बलौदा, विद्याभारती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जांजगीर, भारत स्काउड गाईड जांजगीर और बाल गृह जांजगीर के बच्चे शामिल हैं।
मुख्य अतिथि द्वारा कार्यक्रम के अंतिम कड़ी में मार्च पास्ट, सांस्कृतिक कार्यक्रमो और झांकियो की उत्कृष्ट प्रस्तुति के लिये संबंधित संस्थानो को पुरस्कृत किया गया। मार्च पास्ट में सीनियर वर्ग में जिला महिला पुलिस बल को प्रथम, जिला पुलिस बल को द्वितीय और सीएएफ 11वीं बटालियन भारत रक्षित को तृतीय पुरस्कार एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया। इसी तरह मार्च पास्ट जूनियर वर्ग में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-1 जांजगीर के एनसीसी को प्रथम, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जांजगीर के गाईड दल को द्वितीय एवं ज्ञानदीप विद्यालय के एनसीसी बालिका को तृतीय पुरस्कार प्रदान कर उन्हें गौरवन्वित किया। मुख्य अतिथि डॉ. महंत ने संास्कृति कार्यक्रमों को उत्कृष्ट प्रस्तुती पर कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय हरदी अकलतरा को प्रथम, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय को द्वितीय और बाल गृह केन्द्र जांजगीर को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया। डॉ. महंत ने विकास की झलक प्रस्तुत करने वाली हाथकरघा की झांकी को प्रथम पुरस्कार, शिक्षा विभाग की झांकी को द्वितीय पुरस्कार और वन विभाग की झांकी को तृतीय पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। इसी तरह कार्यक्रम में प्री-मैट्रिक अनुसूचित कन्या छात्रावास पामगढ़, अनुसूचित जनजाति बालक आश्रम गुचकुलिया और प्री-मैट्रिक अनुसूचित जाति कन्या छात्रावास अकलतरा की अधीक्षकों द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने पर उन्हें सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में डॉ. महंत द्वारा आईपीएम तकनीक पोषण शिक्षा एवं स्वच्छ भारत मिशन के कार्य में उल्लेखनीय कार्य करने के लिए विषय वस्तु विशेषज्ञ श्रीमती एकता ताम्रकार, जिले में कृषक कल्याण के लिए उल्लेखनीय कार्य करने वाली कार्यक्रम सहायक श्रीमती महेश्वरी उपासक, प्रगतिशील कृषक श्री राकेश जायसवाल एवं रामाधार देवांगन एवं श्रीमती सुशीला गबेल, ग्रामीण विकास संभाग जांजगीर के कार्यपालन अभियंता के कार्यालय में कार्यरत सहायक ग्रेड-3 श्री ललित कुमार डहरे और जिला निर्वाचन कार्यालय में कार्यरत निर्वाचन पर्यवेक्षक श्री जीपी साहू को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जांजगीर लोकसभा क्षेत्र की संासद श्रीमती कमला देवी पाटले, विधानसभा क्षेत्र जांजगीर के विधायक श्री नारायण चंदेल, जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री राजेश श्रीवास्तव, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नंदेकिशोर हरवंश, जांजगीर नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती मालती देवी रात्रे, उपाध्यक्ष श्री आशुतोष गोस्वामी, पूर्व विधायक द्वय श्री मोतीलाल देवांगन एवं श्री चुन्नीलाल साहू, अपर कलेक्टर श्री ए.के. घृतलहरे, वरिष्ठ नागरिक श्रीमती मंजू सिंह, श्री दिनेश शर्मा, श्री देवेश सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, स्कूली छात्र-छात्राएं नगरवासी, प्रिंट एवं इलेक्ट्रानिक मीडिया के प्रतिनिधिगण और जिला एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारीगण उपस्थित थे।