प्रियंका की एंट्री पर बोलीं सुमित्रा महाजन, राहुल ने माना कि वो नहीं कर सकते अकेले पॉलिटिक्स
नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष (Congress Chief) राहुल गांधी (Rahul Gandhi) की तरफ से अपनी बहन प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) को पार्टी महासचिव बनाकर उन्हें पूर्वी उत्तर प्रदेश का इंचार्ज बनाने के एक दिन बाद लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन ने इसे ‘अच्छी चीज’ करार दिया। प्रियंका गांधी की नियुक्ति को कांग्रेस नेतृत्व की तरफ से एक मास्टर स्ट्रोक वाला कदम माना जा रहा है।
हालांकि, सुमित्रा महाजन ने उनकी एंट्री के स्वागत को बीजेपी की लाईन से जोड़ते हुए कहा, जैसा कि बीजेपी ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि प्रियंका का आना यह मानना है कि कांग्रेस पार्टी में राहुल गांधी फेल रहे।
समाचार एजेंसी एएनआई ने सुमित्रा महाजन के बयान का हवाला दिया है, जिसमें उन्होंने कहा-“वह (प्रियंका गांधी वाड्रा) एक अच्छी महिला है और राहुल जी ने यह स्वीकार कर लिया है कि वे अकेले राजनीति नहीं कर सकते हैं और इसीलिए वे प्रियंका की मदद ले रहे हैं। यह अच्छी चीज है।”
इससे पहले, बुधवार को अपने संसदीय क्षेत्र अमेठी के दौरे से ठीक पहले राहुल गांधी ने आधिकारिक तौर पर पूर्वी उत्तर प्रदेश की राजनीति को संभालने का जिम्मा प्रियंका गांधी को सौंप दिया। इस क्षेत्र में कांग्रेस काफी कमजोर है। साथ ही, इसे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का गढ़ भी माना जाता है और उसके अंतर्गत वाराणसी लोकसभा सीट आती है, जो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का संसदीय क्षेत्र है।