समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन एवं परिवहन का मिलान करने निर्देश
मुंगेली। जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2018-19 में समितियों में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की अंतिम तिथि 31 जनवरी 2019 निर्धारित की गई है। अब धान खरीदी हेतु शासकीय अवकाश शनिवार, रविवार को छोड़कर कुछ दिवस शेष है। अंतिम दिवस में कुछ खरीदी केंद्रों में धान तौल उसी दिन नहीं हो पाने के कारण एंट्री के लिए सॉफ्टवेयर खोलने की मांग की जाती है। शासन द्वारा किसी भी स्थिति में ऐसी अनुमति नहीं दी जायेगी।
इस संबंध में कलेक्टर श्री डी. सिंह ने जिले के समस्त राजस्व अनुविभागीय अधिकारियों, सहायक पंजीयक सहकारी संस्थाएं, जिला विपणन अधिकारी एवं जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के नोडल अधिकारी को निर्देशित किया है कि अंतिम दिनों में समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन एवं परिवहन का मिलान सुनिश्चित करें। खरीदी केंद्रों में किसानों से धान खरीदी का कार्य शासकीय अवकाश शनिवार, एवं रविवार को छोड़कर शेष कार्य दिवस में किया जाये। धान उपार्जन अवधि की अंतिम तिथि 31 जनवरी 2019 की सूचना किसानों को हो सके इसके लिये समितियों में बैनर/सूचना पटल के माध्यम से प्रदर्शन किया जाये। मार्कफेड/समितियों द्वारा धान खरीदी हेतु आवश्यकतानुसार बारदाने की व्यवस्था की जाये। धान विक्रय हेतु इच्छुक समस्त पंजीकृत किसानों को समयानुसार टोकन जारी किया जाये।
खरीदी केंद्रों में किसानों द्वारा लाये गये धान का उसी दिन तौल किया जाये। इसके लिए आवश्यक संख्या में कांटा-बांट एवं हमलों की व्यवस्था किया जाये। तौले गये धान का उसी दिन कम्प्यूटर में एंट्री कर लिया जाये। धान की तौल एवं एंट्री के संबंध में किसी भी प्रकार का बैकलॉग नहीं रखा जाये। मार्कफेड द्वारा खरीदी केंद्रों में उपार्जित धान का आवश्यकतानुसार परिवहन सुनिश्चित किया जाये, ताकि खरीदी केंद्रों में किसानों से धान खरीदी हेतु पर्याप्त स्थान उपलब्ध हो सके। अंतिम दिनों में किसानों को धान बेचने हेतु शेष रकबे में कोचियों, अन्य राज्यों से धान लाने वाले व्यक्तियों द्वारा धान बिक्री का प्रयास किया जा सकता है और धान की रिसायकलिंग भी हो सकती है। अत: ऐसी प्रवृत्ति को रोकने हेतु आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाये।