हाईस्कूल मुख्य परीक्षा के उत्तर पुस्तिका का वितरण 8 को
मुंगेली। जिला शिक्षा अधिकारी ने आज यहां बताया कि हाईस्कूल मुख्य परीक्षा 2019 की उत्तर पुस्तिका (ओ.एम.आर.) का वितरण 8 फरवरी 2019 को सबेरे 10.30 बजे से जिले के समन्वय संस्था बी.आर.साव उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मुंगेली में किया जायेगा। सभी नियुक्त केंद्राध्यक्ष तत्काल अपनी नियुक्ति आदेश जिसकी प्रति शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला प्राचार्य ग्रुप में पीडीएफ फाईल के माध्यम से प्रेषित की गई है। जिसका अवलोकन कर तत्काल संबंधित परीक्षा केंद्र से संपर्क कर सहायक केंद्राध्यक्ष की नियुक्ति करते हुए उत्तर पुस्तिका प्राप्त करने के लिए समन्वय संस्था में अपने साधन के साथ उपस्थित होवें।
जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि इस कार्य हेतु मण्डल द्वारा सत्कार दर पर वाहन की स्वीकृति प्रदान की गई है जिसका भुगतान मण्डल द्वारा किया जायेगा। सभी केंद्राध्यक्ष निर्धारित तिथि एवं समय पर उपस्थित होकर अपने केन्द्र के लिये हाईस्कूल मुख्य परीक्षा 2019 की उत्तर पुस्तिका (ओ.एम.आर.) प्राप्त करें।