भाजपा सांसद और अभिनेता सनी देओल हुए कोरोना पॉजिटिव, मुंबई जाने की कर रहे थे तैयारी

शिमला। अभिनेता और गुरदासपुर से भाजपा सांसद सनी देओल कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। वह कुल्लू से मुंबई रवाना होने वाले थे, उससे पहले ही उनकी कोविड रिपोर्ट (Covid-19) पॉजिटिव आई है। कुछ दिन पहले ही सनी देओल ने मुंबई में अपने कंधे की सर्जरी कराई थी।

हिमाचल प्रदेश के स्वास्थ्य सचिव अमिताभ अवस्थी ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि सनी देओल पिछले कुछ दिनों से कुल्लू जिले में रह रहे थे। स्वास्थ्य सचिव ने बताया कि जिला मुख्य चिकित्सा अधिकारी से मिली जानकारी के मुताबिक सनी देओल और उनके दोस्त मुंबई रवाना होने की योजना बना रहे थे, लेकिन मंगलवार को कोविड-19 जांच रिपोर्ट में वे संक्रमित पाए गए।

सनी देओल ने हाल ही में मुंबई में अपने कंधे की सर्जरी कराई थी। इसके बाद वह कुछ समय आराम करने के लिए मनाली के अपने फॉर्म हाउस में गए थे। वह बीते कुछ दिनों से यहीं पर रुके हुए थे। हिमाचल प्रदेश में कोविड-19 के 709 नए मामले सामने आने के बाद कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 41,228 पहुंच गयी। वहीं राज्य में मंगलवार को संक्रमण के कारण 21 लोगों की मौत के बाद मृतकों की संख्या 657 हो गई है।

फिलहाल सनी देओल की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद अब उन्हें कुछ दिन और कुल्लू में ही रुकना पड़ेगा। डॉक्टर्स की टीम लगातार उनके स्वास्थ्य पर नजर बनाए हुए है। सनी देओल को हिमाचल काफी पसंद है। वह अक्सर यहां छुट्टियां बिताने आते रहते हैं।

संबंधित समाचार

Leave a Comment

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.