पंजाब कांग्रेस के घमासान पर शिवराज सिंह ने ली चुटकी, कहा- जब तक राहुल गांधी हैं, तब तक हमें कुछ नहीं करना

नई दिल्ली। पंजाब कांग्रेस के सियासी संकट को लेकर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राहुल गांधी पर तंज कसा है। दरअसल, बुधवार को शिवराज सिंह चौहान पृथ्वीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए प्रचार करने के लिए गए थे। वहां एक सभा को संबोधित किया। पंजाब के सियासी संकट को लेकर शिवराज सिंह ने कहा कि राहुल गांधी कांग्रेस को डुबाने में लगे हुए हैं, जब तक वो हैं, हमें कुछ करने की जरूरत नहीं है।

शिवराज सिंह चौहान ने आगे कहा कि पंजाब की सुस्थापित सरकार को ठिकाने लगाने का काम राहुल गांधी ने ही किया है। उन्होंने सिद्धू की वजह से ही कैप्टन को सीएम पद से हटाया और आज सिद्धू भी छोड़कर भाग गए, इसलिए जब तक राहुल गांधी हैं, तब तक हमें कुछ नहीं करना है।

शिवराज सिंह चौहान ने इस दौरान कन्हैया कुमार के कांग्रेस में शामिल होने को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब कन्हैया कुमार जैसे देशद्रोहियों को पार्टी में शामिल करने लगी है, जो लोग कहते थे कि भारत तेरे टुकड़े होंगे उन्हें अब कांग्रेस ने अपनी पार्टी में शामिल कर लिया है। उन्होंने कहा है कि अब कांग्रेसी कह रहे है, कि वो समस्या सुन रहे हैं, मैं तो सुनूंगा।

आपको बता दें कि मंगलवार का दिन कांग्रेस पार्टी के लिए बहुत ही उथल-पुथल वाला रहा था। एक तरफ पंजाब में नवजोत सिंह सिद्धू ने प्रदेश अध्यक्ष के पद से इस्तीफा दिया था तो वहीं दिल्ली में कन्हैया कुमार और जिग्नेश मेवाणी को कांग्रेस में शामिल कराया गया था। पंजाब में सिद्धू के बाद कैबिनेट मंत्री रजिया सुल्ताना समेत कई पदाधिकारियों ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।

संबंधित समाचार

Leave a Comment

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.