असंगठित श्रमिकों का डाटाबेस तैयार करने के लिए होगी e-Shram पोर्टल की शुरुआत, जानें ई-श्रम कार्ड के लिए कैसे करें आवेदन?

न्यूज़ डेक्स। केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि सरकार असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों का डाटाबेस तैयार करने के लिए 26 अगस्त को ई-श्रम पोर्टल की शुरुआत करेगी। मंत्री ने कहा कि पोर्टल 26 अगस्त को शुरू किया जाएगा और उसी दिन पंजीकरण कराने में श्रमिकों की सहायता के लिए एक राष्ट्रीय टोल फ्री नंबर 14434 भी शुरू किया जाएगा। इस कदम का मकसद सरकार की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का एकीकरण करना है।

ई-श्रम पोर्टल क्या है?
सरकार का लक्ष्य निर्माण मजदूर, प्रवासी कार्यबल, रेहड़ी-पटरी वाले और घरेलू कामगार आदि जैसे 38 करोड़ असंगठित कामगारों को पंजीकृत करना है। अधिकारियों ने कहा कि श्रमिकों को 12 अंकों की विशिष्ट संख्या वाला एक ई-श्रम कार्ड जारी किया जाएगा, जो आगे जाकर उन्हें सामाजिक सुरक्षा योजनाओं में शामिल करने में मदद करेगा। सरकार पहले डेटाबेस बनाने की समय सीमा से चूक गई थी, जिसको लेकर सुप्रीम कोर्ट की आलोचना का भी सामना करना पड़ा था।

पोर्टल पर श्रमिकों का पंजीकरण कैसे होगा?
अधिकारियों ने कहा कि पोर्टल पर श्रमिकों के पंजीकरण का समन्वय श्रम मंत्रालय, राज्य सरकारों, ट्रेड यूनियनों और सीएससी द्वारा किया जाएगा। श्रमिकों के राष्ट्रव्यापी पंजीकरण को सक्षम करने के लिए देश भर में जागरूकता अभियान चलाने की योजना बनाई जाएगी। पोर्टल के शुभारंभ के बाद, असंगठित क्षेत्र के श्रमिक उसी दिन से अपना पंजीकरण शुरू कर सकते हैं। पोर्टल पर पंजीकरण की मांग करने वाले श्रमिकों के प्रश्नों की सहायता और समाधान के लिए एक राष्ट्रीय टोल फ्री नंबर – 14434 – भी शुरू किया जाएगा। एक वर्कर जन्म तिथि, गृह नगर, मोबाइल नंबर और सामाजिक श्रेणी जैसे अन्य आवश्यक विवरण भरने के अलावा, अपने आधार कार्ड नंबर और बैंक खाते के विवरण का उपयोग करके पोर्टल पर पंजीकरण कर सकता है।

संबंधित समाचार

Leave a Comment

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.