1 दिन में लगे एक करोड़ टीके; भारत की उपलब्धि देख गदगद हुईं WHO की चीफ साइंटिस्ट, तारीफ में क्या कहा

नई दिल्ली। कोरोना वायरस के खिलाफ जंग में भारत ने वह कामयाबी हासिल की है, जिसका इंतजार महीनों से था। देश ने एक दिन में एक करोड़ से अधिक कोरोना की वैक्सीन लगाकर इतिहास रच दिया है। भारत में भले ही टीकाकरण की शुरुआत धीमी रही, मगर अब इस बढ़ती रफ्तार के साथ सरकार ने बता दिया है कि कोरोना के खिलाफ लड़ाई में कोई कसर नहीं छोड़ने वाली। एक दिन में 1 करोड़ से अधिक टीके लगने की इस उपलब्धि पर भारत को चारों ओर से सराहना मिल रही है। विश्व स्वास्थ्य संगठन यानी डब्ल्यूएचओ की टॉप वैज्ञानिक डॉ सौम्या स्वामीनाथन ने 1 करोड़ वैक्सीन लगाने की उपलब्धि हासिल करने की सराहना की और भारत को बधाई दी।

डॉ. सौम्या स्वामीनाथन ने ट्वीट कर कहा कि भारत ने औसतन 50 फीसदी व्यस्क लोगों को टीका लगा दिया है। अब तक देश में कोविड-19 रोधी टीकों की 62,17,06,882 से अधिक खुराक दी जा चुकी है और कल एक करोड़ लोगों को वैक्सीन लगी। इस टीकाकरण अभियान में शामिल हजारों कर्मियों को बधाई। पब्लिक हेल्थ और व्यक्तिगत निवारक उपायों के साथ-साथ टीकाकरण सभी की रक्षा करेगा।

वहीं, भारत में टीकाकरण पर राष्ट्रीय तकनीकी सलाहकार समूह (एनटीएजीआई) के प्रमुख डॉ एनके अरोड़ा ने शुक्रवार को एक ही दिन में एक करोड़ लोगों को टीका लगाए जाने पर कहा कि यह भारतीय स्वास्थ्य प्रणाली के लिए गर्व की बात है। डॉ. अरोड़ा ने यह भी कहा कि देश को एक ही दिन में 1.25 करोड़ का टीकाकरण जल्द होने की उम्मीद है। इस साल के अंत तक पूर्ण टीकाकरण के लक्ष्य को हासिल करने के लिए देश को 31 दिसंबर तक रोजाना 1 करोड़ टीके देने होंगे।

ज्ञात हो कि स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, भारत में शुक्रवार को कोविड-19 रोधी टीके की एक करोड़ से अधिक खुराक दी गई जो एक दिन में दी गई खुराक की सर्वाधिक संख्या है। कोविन वेबसाइट के अनुसार, देश में कोविड रोधी टीकों की 62,17,06,882 से अधिक खुराक दी जा चुकी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टीकाकरण अभियान से जुड़े लोगों की सराहना की और टीका लगवाने वालों की भी प्रशंसा की। उन्होंने ट्वीट किया, “आज रिकार्ड टीकाकरण हुआ। एक करोड़ का आंकड़ा पार करना महत्वपूर्ण उपलब्धि है। जो लोग टीके लगवा रहे हैं और जो इस टीकाकरण अभियान को सफल बना रहे हैं उन्हें बधाइयां’। यहां जानना जरूरी है कि अब तक देश में कभी भी एक दिन में एक करोड़ वैक्सीन नहीं लगी थी।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने ट्वीट किया, ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास। यह वही प्रयास है जिससे देश ने एक दिन में एक करोड़ से अधिक टीके लगाने का आंकड़ा पार कर लिया है। स्वास्थ्यकर्मियों का अथक परिश्रम व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का दृढ़ संकल्प रंग ला रहा है।’ कोविन वेबसाइट के अनुसार, शुक्रवार को टीके की 1,00,64,032 खुराक दी गई। बता दें कि टीकाकरण अभियान में शुक्रवार को आज एक और उपलब्धि हासिल हुई जब देश में यह आंकड़ा 60 करोड़ के पार चला गया। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि शुक्रवार शाम सात बजे संकलित अनंतिम रिपोर्ट के अनुसार एक अन्य महत्वपूर्ण उपलब्धि में देश में कोविड-19 टीकाकरण का दायरा 62 करोड़ (62,09,43,580) खुराक को पार कर गया है।

संबंधित समाचार

Leave a Comment

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.