प्रधानमंत्री मोदी के मंत्र ‘आत्मनिर्भरता’ को ‘ऑक्सफोर्ड लैंग्विजेज’ ने चुना Hindi Word of the Year 2020

न्यूज़ डेस्क। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कोरोना संकट काल में देश को 12 मई, 2020 को आत्मनिर्भर भारत का मंत्र दिया। कोरोना महामारी काल में लोकल फॉर वोकल (Local for vocal) के साथ देश को संकट से निकालने के लिए आत्मनिर्भर भारत आर्थिक पैकेज की घोषणा की गई। इसके बाद देश भर में आत्मनिर्भर भारत का चलन काफी बढ़ गया। अब इसी प्रचलन को देखते हुए ऑक्‍सफॉर्ड ने अपनी डिक्शनरी के हिंदी शब्‍दों में एक और नया शब्‍द जोड़ा है ‘आत्‍मनिर्भरता’।

कोरोना काल में लॉकडाउन के दौरान अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के लिए 20 लाख करोड़ रुपये के आर्थिक पैकेज का ऐलान किया गया। यह आर्थिक पैकेज जीडीपी का करीब दस प्रतिशत था। मोदी सरकार इस पैकेज के माध्यम से देश को पूरी तरह से आत्मनिर्भर बनाना चाहती है। इस पैकेज के तहत आत्मनिर्भर भारत रोजगार योजना, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के साथ उद्योगों के लिए कई प्रोत्साहन योजनाओं की शुरूआत की गई। इसके जरिए रोजगार, किसान, आम आदमी से लेकर इंडस्ट्रीज तक के लिए राहत की कई घोषणाएं की गईं।

प्रधानमंत्री मोदी ने 12 मई, 2020 को देश को संबोधित करते हुए कहा कि कोरोना वायरस को लेकर विश्व की आज की स्थिति हमें सिखाती है कि इसका मार्ग एक ही है- “आत्मनिर्भर भारत”। देश के नाम संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने 20 लाख करोड़ के आर्थिक पैकेज की घोषणा करते हुए कहा कि ये आर्थिक पैकेज ‘आत्मनिर्भर भारत अभियान’ की अहम कड़ी के तौर पर काम करेगा। उन्होंने कहा कि यह पैकेज ‘आत्मनिर्भर भारत’ बनाने के लक्ष्‍य को प्राप्त करने की दिशा में काफी सहायक साबित होगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह पैकेज संगठित और असंगठित दोनों ही क्षेत्रों के गरीबों, मजदूरों, प्रवासियों इत्‍यादि को सशक्त बनाने पर भी फोकस करेगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि 21वीं सदी को भारत की सदी बनाने के सपने को पूरा करने के लिए यह सुनिश्चित करते हुए आगे बढ़ना है कि देश आत्मनिर्भर हो जाए।

आत्मनिर्भर भारत की लोकप्रियता को देखते हुए ऑक्सफोर्ड ने आत्मनिर्भरता को साल 2020 का हिंदी शब्द चुना है। ऑक्सफोर्ड ने वर्ष 2020 के हिंदी शब्द के चुनाव के लिए समिति का गठन किया था। ऑक्सफोर्ड ने कहा है कि कोरोना महामारी के शुरू में जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आर्थिक पैकेज का ऐलान किया था तब उन्होंने एक देश के तौर पर आत्मनिर्भर बनने पर जोर दिया था। प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद आत्मनिर्भरता शब्द के इस्तेमाल में भारी इजाफा हुआ है। आत्मनिर्भरता शब्द को अर्थव्यवस्था में सुधार के तौर पर देखा गया है। इस शब्द से युवाओं को ताकत मिली है और अलगाव से निपटने में उन्हें सहायता मिली है।

इससे पहले ऑक्सफोर्ड ने साल 2019 में संविधान, 2018 में नारी शक्ति और 2017 में आधार शब्द को हिंदी वर्ड ऑफ द ईयर चुना था। ऑक्सफोर्ड डिक्शनरी हर साल हिंदी के कुछ शब्दों को अंग्रेजी के शब्दकोष में जगह देती है। ऑक्सफोर्ड डिक्शनरी ने साल 2020 में शादी, हड़ताल, आधार, डिब्बा, चॉल, समेत 26 शब्दों को शामिल किया था।

प्रधानमंत्री मोदी का 12 मई, 2020 को देश के नाम संबोधन देखिए-

संबंधित समाचार

Leave a Comment

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.