#BiharElections बिहार चुनाव LIVE : प्रथम चरण में 71 सीटों के लिए मतदान जारी, PM मोदी ने कहा- दो गज की दूरी, मास्क जरूर पहनें, पहले मतदान, फिर जलपान!

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव में प्रथम चरण की 71 सीटों के लिए मतदान जारी है जिसमें दो करोड़ से अधिक मतदाता हिस्सा ले रहे हैं। पहले चरण के चुनाव में 1,066 उम्मीदवारों की किस्मत पर फैसला होगा। इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर लोगों से पहले मतदान करने को कहा।

उन्होंने कहा कि बिहार विधानसभा चुनावों में आज पहले दौर की वोटिंग है। सभी मतदाताओं से मेरा आग्रह है कि वे कोविड संबंधी सावधानियों को बरतते हुए, लोकतंत्र के इस पर्व में अपनी हिस्सेदारी सुनिश्चित करें। दो गज की दूरी का रखें ध्यान, मास्क जरूर पहनें। याद रखें, पहले मतदान, फिर जलपान!

कोविड-19 के बीच हो रहे चुनाव के मद्देनजर निर्वाचन आयोग ने सुरक्षित मतदान के लिये दिशानिर्देश जारी किये हैं। इन दिशानिर्देशों के तहत एक मतदान केंद्र में मतदाताओं की संख्या 1,600 से घटाकर 1,000 कर दी गयी है। साथ ही 80 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों के लिये पोस्टल बैलेट की सुविधा उपलब्ध करायी गयी है। इसके अलावा इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन को सेनिटाइज करना, मतदान कर्मियों के लिये मास्क और सुरक्षा सामग्री और थर्मल स्कैनर, हैंड सेनिटाइजर, साबुन और पानी उपलब्ध कराना शामिल है।

निर्वाचन आयोग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पहले चरण में 2.14 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसमें से 1.01 करोड़ महिलाएं हैं और 599 तृतीय लिंगी हैं। चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों में 952 पुरूष और 114 महिलाएं हैं। गया शहर सीट पर सबसे अधिक 27 उम्मीदवार मैदान में हैं जबकि बांका जिले की कटोरिया सीट पर सबसे कम पांच उम्मीदवार हैं। पहले चरण की 71 सीटों पर हो रहे चुनाव में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जदयू 71 में से 35 सीटों पर चुनाव लड़ रही जबकि उसकी सहयोगी भाजपा 29 सीटों पर चुनावी समर में है। विपक्षी राजद 42 सीटों पर और कांग्रेस 20 सीटों पर चुनाव लड़ रही है।

चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी 41 सीटों पर चुनाव लड़ रही है जिसमें से 35 सीटें वैसी हैं जहां से जदयू चुनाव लड़ रही है। पहले चरण में प्रमुख उम्मीदवारो में राष्ट्रमंडल खेल में स्वर्ण पदक जीतने वाली श्रेयसी सिंह जमुई से चुनाव मैदान में है। उनका मुकाबला राजद के विजय प्रकाश से है जो पूर्व केंद्रीय मंत्री और लालू प्रसाद के करीबी माने जाने वाले जयप्रकाश नारायण यादव के भाई है। जमुई लोकसभा सीट से सांसद लोक जनशक्ति पार्टी के नेता चिराग पासवान हैं। वहीं, जय प्रकाश नारायण यादव की पुत्री दिव्या प्रकाश तारापुर सीट से चुनाव लड़ रही हैं। पहले चरण के चुनाव में राज्य मंत्रिमंडल के छह सदस्य किस्मत आजमा रहे हैं जिसमे गया शहर से प्रेम कुमार, लखीसराय से विजय कुमार सिन्हा, बांका से राम नारायण मंडल, जहानाबाद से कृष्णनंदन प्रसाद वर्मा, दिनारा से जयकुमार सिंह, राजपुर से संतोष कुमार निराला शामिल हैं।

संबंधित समाचार

Leave a Comment

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.