झारखंड में अमित शाह की हुंकार, कहा- इस बार झारखंड में फिर से बनेगी रघुवर दास की सरकार

रांची। बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने दावा किया कि झारखंड की जनता तय करके बैठी है कि इस बार फिर एक बार कमल की सरकार बनानी है। झारखंड के गिरिडीह में एक चुनावी सभा को सम्बोधित करते हुए शाह ने विपक्ष पर जमकर हमला बोलै, उन्होंने कहा कि झारखंड में आज जो गठबंधन सामने है वो राजनीतिक फायदा उठाने वाला है, मैं हेमंत सोरेन को पूछना चाहता हूं कि मुख्यमंत्री बनने के लिए जिस कांग्रेस की गोद में बैठकर आए हो, झारखंड के युवाओं पर गोली चलाने वाली वह ही कांग्रेस थी। जिस झारखंड को अटल जी ने बनाया, उस झारखंड में रघुवर दास और नरेन्द्र मोदी की जोड़ी ने झारखंड को विकास के रास्ते पर आगे ले जाने का काम किया है। कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा को जब भी मौका मिला, तब-तब उन्होंने झारखंड को लूटने में कोई कसर नहीं छोड़ी। यहां की गरीब जनता का पैसा थैलों में भर-भरकर ये दिल्ली के दरबार में ले जाते थे।

गृह मंत्री ने दावा किया कि PM मोदी और रघुवर दास ने नक्सलवादियों को 20 फुट जमीन के नीचे दबाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि मैं आज मेरे झारखंड के OBC समाज के सभी युवाओं को कहने आया हूं कि एक बार मोदी जी के नेतृत्व में कमल फूल की सरकार बना दो, आदिवासी और दलितों का आरक्षण कम किए बिना पिछड़ा समाज का आरक्षण बढ़ाने का काम करेंगे। किसानों और दुकानदारों का बीमा भाजपा सुनिश्चित करने वाली है। सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 33% आरक्षण हम देने वाले हैं। सोनिया-मनमोहन वाली कांग्रेस सरकार ने झारखंड को 5 साल में 55,253 करोड़ रुपये दिए थे। नरेन्द्र मोदी की सरकार में 5 साल में झारखंड के विकास के लिए 3,08,487 करोड़ रुपये दिए गए हैं।

श्री शाह ने सोनिया और राहुल पर हमला करते हुए 55 साल का हिसाब मांगा। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट में राम जन्मभूमि के फैसले पर कहा कि वर्षों से मामला कोर्ट में चल रहा था, लेकिन कांग्रेस ने वर्षों तक इस मसले को लटकाकर रखा। सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद अब अयोध्या में आसमान को छूने वाला भव्य राम मंदिर जल्द बनने वाला है। राहुल गांधी कहते हैं झारखंड वालों का कश्मीर से क्या लेन-देन है। अरे राहुल बाबा, कश्मीर बचाने के लिए सबसे ज्यादा शहादत मेरे झारखंड के युवाओं ने दी है। सेना और CRPF के अंदर झारखंड के युवा ने कश्मीर की बर्फीली पहाड़ियों में अपना लहू बहाया है। हम अभी #CAB2019 लाए तो कांग्रेस के पेट में दर्द हो गया। बांग्लादेश, अफगानिस्तान और पाकिस्तान में धार्मिक प्रताड़ना झेलने वाले शरणार्थी वर्षों से नर्क की जिंदगी जी रहे थे। विपक्षी नॉर्थ ईस्ट में आग लगाने में पड़े हैं। मैं असम और नॉर्थ ईस्ट के सभी राज्यों के भाई बहनों को कहना चाहता हूं कि उनकी भाषा, संस्कृति, सामाजिक पहचान और उनके राजनीतिक अधिकार अक्षुण्ण रहेंगे। इन्हें हम तनिक भी आंच नहीं आने देंगे।

संबंधित समाचार

Leave a Comment

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.